अशोक कुमार
नित्य संदेश, मेरठ। रक्षा संपदा अधिकारी / इस्टेट ऑफिसर विनीत कुमार के निर्देश पर मंगलवार को मेरठ कैंट स्थित गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के निकट बंगला नंबर 239 को पूर्ण रूप से सील कर दिया गया। यह कार्रवाई ब्रिगेडियर एस.के. सिंह, अध्यक्ष, कैंट बोर्ड के निर्देश पर की गई, जिसमें सेना की क्विक रिएक्शन टीम (QRT) और सदर पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रही।
एसडीओ वीके गुप्ता के नेतृत्व में रक्षा संपदा विभाग की टीम ने निर्माणाधीन बिल्डिंग के लगभग आधा दर्जन गेटों पर सीलिंग की कार्रवाई की। करीब चार घंटे चली इस कार्रवाई के दौरान कोई विरोध नहीं हुआ। कार्रवाई को देख मौके पर करीब 70-80 स्टाफ और कर्मचारियों का जत्था मौजूद होने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
PPE एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि इस्टेट ऑफिसर द्वारा पब्लिक प्रिमाइसेस (अनधिकृत अधिभोगियों की बेदखली) अधिनियम, 1971 के अंतर्गत बंगला संख्या 239 को सील करने का आदेश पारित किया गया था। यह बंगला सर्वे संख्या 419/1 पर स्थित है और रक्षा अभिलेखों में ओल्ड ग्रांट बंगले के रूप में दर्ज है, जिसके ऑक्यूपेंसी राइट्स स्वर्गीय कर्नल एच. सी. पालीवाल के नाम पर दर्ज हैं।
रक्षा संपदा कार्यालय को विगत कुछ दिनों से उक्त बंगले पर अवैध कब्जे एवं अवैध निर्माण की सूचनाएं मिल रही थीं। इस पर 29 जुलाई, 2026 को बंगले के मुख्य द्वार पर नोटिस बोर्ड / सार्वजनिक सूचना प्रदर्शित कराई गई थी। लेकिन 03 अगस्त को निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नोटिस बोर्ड को किसी अज्ञात व्यक्ति ने हटा दिया है और अंदर अवैध निर्माण कार्य लगातार जारी है। इसे गंभीरता से लेते हुए इस्टेट ऑफिसर ने तत्काल सीलिंग के आदेश दिए।
टीम में ये रहे मौजूद
कार्रवाई दल में एसडीओ प्रेमचंद, एएओ देवेन्द्र सिंह एवं प्रेम सिंह, एसएए विभु सैनी, आकाश सिंह, विकास तथा राधे किशन शामिल रहे। प्रशासनिक कमांडेंट कर्नल रितेश कुमार ने बताया कि बंगले में पिछले कुछ दिनों से अनाधिकृत निर्माण चल रहा था।
डीईओ विनीत कुमार ने स्पष्ट कहा है कि भारत सरकार के बंगलों में गैर कानूनी रूप से अवैध निर्माण व अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
No comments:
Post a Comment