Tuesday, August 25, 2026

21 अक्टूबर को मेरठ में गूंजेगा ‘जय हिंद’, सुभारती में मनाया जाएगा अखंड भारत के स्वतंत्रता दिवस का महापर्व

 


21 अक्टूबर को निकलेगी भव्य झांकी, 24 अक्टूबर को विजेता होंगे सम्मानित


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के अदम्य साहस, त्याग, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से मेरठ में ‘अखंड भारत के स्वतंत्रता दिवस 21 अक्टूबर का महापर्व’ व्यापक स्तर पर मनाया जा रहा है। महापर्व के तहत शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, क्विज और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें विद्यार्थी उत्साह के साथ भाग लेते हुए नेताजी के जीवन, आजाद हिंद फौज, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रख रहे हैं।


आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल इतिहास की जानकारी देना नहीं, बल्कि उनमें राष्ट्रीय चरित्र, देशभक्ति, राष्ट्रभावना, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करना भी है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। महापर्व का प्रमुख आकर्षण 21 अक्टूबर 2026 को मेरठ शहर में आयोजित होने वाला भव्य झांकी जुलूस होगा। इसमें विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों की ओर से झांकियां और मार्चिंग दल शामिल होंगे। झांकियों के माध्यम से नेताजी सुभाष चंद्र बोस, आजाद हिंद फौज, स्वतंत्रता संग्राम, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। महापर्व का एक प्रमुख प्रेरणा केंद्र स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित भव्य शहीद स्मारक भी होगा। यह स्मारक देश के अनूठे स्मारकों में शामिल है। यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज के शहीद सैनिकों के नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित हैं। इसके साथ ही स्वतंत्रता के बाद देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले सैनिकों के नाम भी स्मारक पर दर्ज हैं। कारगिल युद्ध के अमर शहीदों की स्मृति में उनकी संख्या के बराबर लगाए गए वृक्ष भी स्मारक परिसर की विशेष पहचान हैं। ये वृक्ष आने वाली पीढ़ियों को वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की कहानी सुनाते रहेंगे। 


सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी के लिए साहस, अनुशासन, त्याग और राष्ट्रभक्ति की जीवंत प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि विद्यार्थी स्वतंत्रता आंदोलन के महानायकों के संघर्ष और बलिदान को केवल किताबों तक सीमित न रखें, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ना समय की आवश्यकता है। नेताजी का जीवन युवाओं को कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति अडिग रहने, राष्ट्र को सर्वोपरि रखने और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।


सुभारती रक्षा अकादमी के निदेशक कर्नल राजेश त्यागी ने कहा कि देशभक्ति का अर्थ केवल राष्ट्रीय पर्व मनाना नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी, अनुशासन और पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाना भी देशभक्ति है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज के वीर सैनिकों ने देश के लिए जिस साहस, त्याग और समर्पण का परिचय दिया, वह आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, अच्छे चरित्र, आत्मविश्वास और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक शैक्षणिक संस्थानों और विद्यार्थियों से इस महापर्व से जुड़ने का आह्वान किया।


महापर्व के तहत चल रही सभी प्रतियोगिताओं का प्रथम चरण सितंबर के प्रथम पखवाड़े में पूरा किया जाएगा। इसकी अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्रतियोगिताओं का द्वितीय चरण 10 अक्टूबर 2026 को स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और विजेता टीमों को 24 अक्टूबर 2026 को स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह महापर्व विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें यह संदेश देने का प्रयास है कि राष्ट्रभक्ति केवल शब्दों और नारों तक सीमित नहीं, बल्कि चरित्र, अनुशासन, कर्तव्य, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण में दिखाई देती है।

No comments:

Post a Comment