Breaking

Your Ads Here

Sunday, August 23, 2026

स्कूलों की बदलती तस्वीर में रसोइयों की बड़ी भूमिका, 2159 परिवारों को सीधा लाभ: तोमर


रसोइयों के लिए विभिन्न योजनाओं के लागू होने पर विकास भवन में मुख्यमंत्री की घोषणाओं का हुआ सीधा प्रसारण

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में मिड डे मिल भोजन की थाली सजाने वाली मेरठ की रसोइयों के लिए रविवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों के लिए विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया तो मेरठ के विकास भवन सभागार में भी कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री के संबोधन और घोषणाओं का सीधा प्रसारण किया गया। मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी के साथ दुर्घटना बीमा और परिवार के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा की घोषणा से रसोइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले के 2159 रसोइयों को योजना का लाभ मिलेगा। 

इस अवसर पर विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. सोमेंद्र तोमर, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी अश्वनी त्यागी और एमएलसी डा. धर्मेंद्र भारद्वाज को डीएम डॉ वी.के सिंह ने पुस्तक और पौधा भेंटकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर ने कहा कि अब जिले के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को दो हजार के स्थान पर तीन हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। सरकार ने ड्रेस के लिए मिलने वाली वार्षिक धनराशि भी 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दी है। इसके साथ भारतीय स्टेट बैंक के सौजन्य से दो लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा और रसोइयों के परिवार के लिए पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा बीमा की सुविधा शुरू की गई है। यानी सरकार ने मानदेय बढ़ाने के साथ रसोइयों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा का मजबूत कवच भी तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों की दशा में व्यापक सुधार आया है। विद्यालयों में सुविधाएं बढ़ने और शिक्षा का वातावरण बेहतर होने में रसोइयों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक बार फिर मानदेय बढ़ाकर रसोइयों को आर्थिक संबल दिया है। पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा से रसोइयों के परिवारों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम में रसोइयों को नई योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा बीमा कार्ड भी वितरित किए गए।

इन रसोइयों को मिले कैशलेस बीमा कार्ड
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्र की रसोइयों हसीना, रीना सैनी, सरोज, नसीम, ओमवती और विमलेश को कैशलेस चिकित्सा बीमा कार्ड प्रदान किए गए। वहीं प्राथमिक विद्यालय बिजौली की मीना और जूली, सुधा, दीपा, नाजमीन, गुलशन और रिंकी समेत अन्य रसोइयों को भी बीमा कार्ड वितरित किए गए।

बीमा कार्ड मिलने पर रसोइयों ने खुशी जताई। उनका कहना था कि मानदेय बढ़ने से जहां घर के खर्च में मदद मिलेगी, वहीं परिवार के लिए कैशलेस उपचार की सुविधा मुश्किल समय में बड़ा सहारा बनेगी। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी समेत बेसिक शिक्षा विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

रसोइयों ने कहा- मानदेय बढ़ा, परिवार की चिंता भी हुई कम
खानपुर जूनियर हाईस्कूल की रसोइया विमलेश ने कहा कि मानदेय बढ़ने से घर के खर्च में राहत मिलेगी। परिवार के लिए पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलना बड़ी राहत है। बीमारी के समय इलाज के लिए पैसों की चिंता कम होगी।
खानपुर प्राथमिक विद्यालय की रसोइया पुष्पा ने कहा कि सरकार ने मानदेय बढ़ाकर हमारे काम का सम्मान किया है। दुर्घटना बीमा और चिकित्सा सुविधा से परिवार को भी सुरक्षा का भरोसा मिला है।
गेसूपुर दतावली स्थित प्राथमिक विद्यालय की रसोइया पूजा ने कहा कि बच्चों के लिए भोजन तैयार करना हमारी जिम्मेदारी है। सरकार ने मानदेय बढ़ाने के साथ परिवार के इलाज की सुविधा देकर हमारी मेहनत और परिवार दोनों की चिंता की है।
गैरसैंण प्राथमिक विद्यालय की रसोइया रीना ने कहा कि पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा बहुत उपयोगी है। अचानक बीमारी आने पर इलाज के खर्च की चिंता रहती है, अब इसमें बड़ी राहत मिलेगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here