Monday, August 3, 2026

पश्चिमांचल डिस्कॉम के विशेष बिल संशोधन कैंपों में मिल रहा त्वरित समाधान, 1523 शिकायतें आईं

घर बैठे 1912 हेल्पलाइन और WhatsApp Chatbot 7859804803 पर करा सकते हैं शिकायत दर्ज

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि० द्वारा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 01 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक सभी जनपदों में विशेष बिल संशोधन कैंपों का आयोजन किया जा रहा है।

इन कैंपों में उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। अब तक कुल 1523 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 1075 शिकायतों का पंजीकरण 1912 हेल्पलाइन के माध्यम से किया गया है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कैंपों में 837 गैर स्मार्ट मीटर और 686 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। गैर स्मार्ट मीटर के 432 बिल संशोधन प्रकरणों में से 243 और स्मार्ट मीटर के 229 प्रकरणों में से 137 का निस्तारण किया जा चुका है।

इसके अलावा 168 मीटर संबंधी शिकायतों में से 122 मीटर बदले जा चुके हैं। टैरिफ परिवर्तन के 51 प्रकरण प्राप्त हुए जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया है। मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अपडेट के 465 प्रकरणों तथा UPPCL Smart App से संबंधित 232 शिकायतों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है।

कैंप में ये सुविधाएं मिल रही हैं -
बिल संशोधन, नए विद्युत संयोजन हेतु आवेदन, भार वृद्धि, खराब मीटर से संबंधित शिकायतों का निस्तारण, विधा परिवर्तन, टैरिफ श्रेणी परिवर्तन, बिजली बिल जमा करने की सुविधा, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अपडेट तथा UPPCL Smart App डाउनलोड एवं उसके उपयोग संबंधी सहायता।

ये विशेष शिविर संबंधित खण्ड, उपखण्ड, सहायक अभियन्ता (वितरण/वाणिज्य) और अधिशासी अभियन्ता (वितरण/वाणिज्य) कार्यालयों पर आयोजित किए जा रहे हैं।

निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिना कार्यालय आए घर बैठे ही 1912 हेल्पलाइन नंबर तथा 7859804803 WhatsApp Chatbot नंबर पर अपनी बिल संबंधित शिकायतें दर्ज कराएं और समयबद्ध समाधान का लाभ उठाएं। साथ ही अपने निकटतम कार्यालय में आयोजित विशेष बिल संशोधन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

No comments:

Post a Comment