Monday, July 27, 2026

मुजफ्फरनगर रेलवे फ्लाईओवर पर प्रकाश व्यवस्था को लेकर उठी मांग, हादसे की आशंका जताई



नित्य संदेश ब्यूरो

मुजफ्फरनगर। मेरठ से सहारनपुर जिले के देवबंद स्थित अपने पैतृक गांव साइकिल से जाने वाले साइक्लिस्ट और Cyclomed Fit India के संस्थापक प्रो. (डॉ.) अनिल नौसरान ने मुजफ्फरनगर शहर के शिव चौक के पास स्थित रेलवे ओवरब्रिज (फ्लाईओवर) पर प्रकाश व्यवस्था की कमी को लेकर चिंता जताई है और शासन-प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की है।

प्रो. नौसरान ने बताया कि वे प्रत्येक तीसरे-चौथे सप्ताह मेरठ से साइकिल द्वारा देवबंद जाते हैं। इस दौरान प्रायः प्रातः 4 बजे उनकी साइकिल मुजफ्फरनगर के शिव चौक से गुजरती है। शिव चौक से आगे रेलवे लाइन पर बना फ्लाईओवर घुमावदार है और वहां पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने से सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। अंधेरे के कारण विशेषकर साइकिल सवार, दोपहिया वाहन चालक और पैदल यात्रियों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है और बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालु इसी मार्ग से गुजरेंगे, ऐसे में यह समस्या और भी गंभीर हो गई है। श्रद्धालुओं और आम यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फ्लाईओवर पर उच्च गुणवत्ता की स्ट्रीट लाइटें और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। प्रो. नौसरान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से जनहित व सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाईओवर पर शीघ्र प्रकाश व्यवस्था कराने का विनम्र अनुरोध किया है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

No comments:

Post a Comment