Breaking

Your Ads Here

Friday, July 31, 2026

चतुर्थ आनंद प्रकाश अग्रवाल मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य आगाज, डीएम वी.के. सिंह ने किया उद्घाटन


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में खेल और अनुशासन के संगम के रूप में चतुर्थ आनंद प्रकाश अग्रवाल मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के गवर्निंग बॉडी सदस्य, ISSF जज धीरज सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

राष्ट्रगान और स्वागत गान के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने मार्च-पास्ट कर अतिथियों का अभिवादन किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी वी.के. सिंह ने कहा कि निशानेबाजी केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और एकाग्रता का उत्कृष्ट उदाहरण है। जिस प्रकार निशानेबाज बुल्सआई पर निशाना साधता है, उसी प्रकार युवाओं को भी अपने जीवन के लक्ष्य पर पूरी निष्ठा से काम करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि धीरज सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के दम पर आज भारतीय निशानेबाज ओलंपिक, एशियाई खेलों और विश्व कप में लगातार परचम लहरा रहे हैं। आनंद प्रकाश अग्रवाल मेमोरियल जैसी चैंपियनशिप नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
आयोजन सचिव एवं प्रधानाचार्य प्रभात गुप्ता ने बताया कि चार दिवसीय इस चैंपियनशिप में देशभर से 700 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग ले रही हैं। सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल के मुकाबले हो रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन ओलंपिक में इस्तेमाल होने वाले अत्याधुनिक SIUS इलेक्ट्रॉनिक टारगेट सिस्टम पर किया जा रहा है।

तकनीकी निदेशक जॉनी चौधरी ने बताया कि चैंपियनशिप में हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड सहित कई राज्यों के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और शूटिंग उपकरण प्रदान किए जाएंगे।

यह प्रतियोगिता स्व. आनंद प्रकाश अग्रवाल की स्मृति में आयोजित की जा रही है। पिछले तीन वर्षों में यह उत्तर भारत की सबसे बड़ी स्कूली एवं क्लब स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिताओं में से एक बन गई है।

यह चैंपियनशिप 31 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक चलेगी। कार्यक्रम का संचालन चांदनी नेगी ने किया। इस अवसर पर डॉ. सुधांशु अग्रवाल, अरुण जिंदल, कृष्ण कुमार शर्मा, शुभम, सुधीर, मनोज सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, प्रशिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here