Sunday, July 26, 2026

जागृति विहार एक्सटेंशन में ताबड़तोड़ चोरियों से दहशत

 


-बिना नंबर की बाइक से रेकी कर रहे बदमाश, पीसीआर वैन तैनात करने की मांग

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। जागृति विहार एक्सटेंशन में पिछले दो सप्ताह से लगातार हो रही चोरियों से आवंटियों में दहशत का माहौल है। चोरी की घटनाओं पर रोक न लगने से नाराज आवंटी संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल रविवार को थाना मेडिकल पहुंचा और थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।


आवंटियों ने बताया कि पिछले 15 दिनों में जागृति विहार एक्सटेंशन सेक्टर-5 में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। कॉलोनी में लगातार बिना नंबर की बाइकों पर हेलमेट पहने संदिग्ध युवक रेकी करते देखे जा रहे हैं। घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों में ये संदिग्ध कई बार कैद हो चुके हैं। आवंटियों ने मांग की कि एक्सटेंशन में कठोर प्रशासनिक कार्रवाई कर भयभीत आवंटियों को सुरक्षा प्रदान की जाए और क्षेत्र में नियमित रूप से पीसीआर वैन तैनात की जाए।


इस पर थानाध्यक्ष मेडिकल सतबीर सिंह अत्री ने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि जागृति विहार एक्सटेंशन में पूरी मुस्तैदी के साथ आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाएगा और क्षेत्र में भयमुक्त माहौल बनाया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में संजय परमार, सुबोध कांत, प्रवीण कुमार, भूपेन्द्र सिंह, जितेन्द्र पाल, नटवर लाल कर्दम, संतराम, रमेश कुमार, शुभम, रामचरण, हिमांशु, अभिजीत पटेल सहित कई आवंटी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment