Thursday, July 9, 2026

बहुजन जनता दल ने की लाठीचार्ज व दुर्व्यवहार की निंदा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। बहुजन जनता दल (खोड़ावाल) पार्टी ने ललिता गौतम हत्याकांड की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए लाठीचार्ज व दुर्व्यवहार के संबंध में राष्ट्रपति को मांग पत्र भेजा गया है।


राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल खोड़ावाल ने बताया कि टीपी नगर थाना क्षेत्र (गगन एंक्लेव) की रहने वाली 20 वर्षीय दलित छात्रा ललिता गौतम (बीए अंतिम वर्ष) 15 मई 2026 को घर से परीक्षा देने के लिए निकली थी, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। 16 मई 2026 को रोहटा थाना क्षेत्र के थिरोट गांव के पास जंगल में ललिता का शव अत्यंत संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसकी निर्मम हत्या की गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी (अंकुश) को गिरफ्तार किया है, परंतु पीड़ित परिवार और स्थानीय बहुजन समाज का स्पष्ट आरोप है कि इस जघन्य हत्याकांड को एक व्यक्ति अकेले अंजाम नहीं दे सकता। इसमें अन्य सह-आरोपी भी शामिल हैं, जिन्हें पुलिस प्रशासन द्वारा बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे विवेचना निष्पक्ष नहीं लग रही है। सह-आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 8 जुलाई 2026 (बुधवार) को पीड़ित परिवार, स्थानीय ग्रामीण और बहुजन समाज के लोग कलक्ट्रेट गेट पर शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र हुए थे। प्रदर्शनकारी जिला अधिकारी को अपनी मांग सौंपने पर अड़े थे।


एसएसपी ने कराया लाठीचार्ज

आरोप है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों पर बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज करा दिया। मांग की गई कि न्याय की आवाज उठाने वाले जिन स्थानीय नेताओं, वकीलों और युवाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है या जिन पर मुकदमे दर्ज किए हैं, उन्हें बिना शर्त तुरंत रिहा किया जाए और मुकदमे वापस लिए जाएं।


No comments:

Post a Comment