Monday, July 6, 2026

डीएम ने किया मवाना गंगनहर पटरी से किठौर कांवड मार्ग का निरीक्षण

-जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील मवाना में संपन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। तहसील मवाना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने तहसील दिवस में अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समय सीमा के अंदर गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।


सम्पूर्ण समाधान दिवस में 150 शिकायती/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 14 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया तथा शेष के समय सीमा के अन्तर्गत निस्तारण के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। तहसील मवाना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने कहा कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में है। सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी को आश्वस्त किया कि उनके प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करायी जाएगी। इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डा. राम प्रसाद, डीएफओ वंदना फोगाट, अपर भूमि अध्यापति नवीन चन्द्र, एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह, डीपीआरओ वीरेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग सत्येन्द्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी व आमजन उपस्थित रहें।


साफ-सफाई, झाड़ियों की छंटाई के निर्देश

जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ मवाना गंगनहर पटरी से किठौर कावंड मार्ग का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कांवड़ पटरी मार्ग पर साफ-सफाई, झाड़ियों की छंटाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत/पेंचवर्क, जल निकासी, शौचालय, पेयजल, साईनेज, स्ट्रीट लाईट, विद्युत खंभों को पालिथीन से कवर कराने, ट्रांसफार्मर को जाली से कवर कराने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े समस्त कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

No comments:

Post a Comment