Tuesday, July 21, 2026

डरिए मत, सामना कीजिए, वैक्सीन सुरक्षा के लिए है: आनंदीबेन पटेल

 


-सर्वाइकल कैंसर जागरूकता एवं एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में पहुंचीं राज्यपाल

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठप्र की राज्यपाल एवं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्वस्थ बेटी ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। बालिकाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता, समय पर स्वास्थ्य परीक्षण तथा टीकाकरण के माध्यम से अनेक गंभीर बीमारियों की प्रभावी रोकथाम संभव है।


कुलाधिपति एवं राज्यपाल चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा स्वामी कल्याण देव चिकित्सालय के सहयोग से मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित सर्वाइकल कैंसर जागरूकता एवं एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं का एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण किया गया। इस अवसर पर छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों, चिकित्सकों एवं विश्वविद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही। राज्यपाल ने कहा, डरिए मत, सामना कीजिए। यह वैक्सीन आपकी सुरक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई बार लोग टीकाकरण को लेकर अनावश्यक आशंकाएं पाल लेते हैं, जबकि वैज्ञानिक शोध यह सिद्ध करते हैं कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में प्रभावी एवं सुरक्षित है। उन्होंने माता-पिता से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति या भय में आए बिना अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराएं। इस अवसर पर विवि की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


आज दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगी राज्यपाल

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल बुधवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगी। विश्वविद्यालय आगमन के द्वितीय दिवस उन्होंने महिला स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए रोकथाम ही सर्वोत्तम उपचार है का संदेश दिया तथा बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताया।


विवि परिसर का किया भ्रमण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दीक्षांत समारोह से एक दिन पूर्व राज्यपाल ने प्रातः काल विवि परिसर का भ्रमण किया। मॉर्निंग वॉक के दौरान उन्होंने परिसर के हरित एवं स्वच्छ वातावरण का अवलोकन करते हुए तपोवन, मियावाकी पार्क तथा अन्य प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया और परिसर स्थित मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान राज्यपाल ने आउटलेट से स्वयं भी दैनिक उपयोग एवं खाद्य सामग्री क्रय की तथा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विकसित की जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

No comments:

Post a Comment