Monday, July 27, 2026

कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था परखी, अफसरों ने दिए कड़े निर्देश

 

वसीम मलिक

नित्य संदेश, रोहटा। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों का जायजा लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण कर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त की जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।


एसपी देहात ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। मार्ग पर हर गतिविधि की लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि यात्रा सकुशल संपन्न हो सके।

No comments:

Post a Comment