Monday, July 13, 2026

स्ट्रीट लाइट खराब और नालियों के ढक्कन न होने से लोग परेशान

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। नगर निगम के वार्ड-87 जाकिर हुसैन कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी देखने को मिल रही है। क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं और कई गलियों में नालियों के ढक्कन भी नहीं लगे हैं। इससे रात में अंधेरा और दिन में गंदगी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


वार्ड पार्षद मोहम्मद शरीफ ने इस संबंध में नगर निगम के अधिशासी अधिकारी और सहायक अभियंता को पत्र लिखकर तत्काल समाधान की मांग की है। पत्र में उन्होंने बताया कि वार्ड की गलियों में लगी स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण रात को आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। अंधेरे की वजह से चोरी और हादसों का भी डर बना हुआ है। दूसरी ओर, मसीत का कबर वाली गली नम्बर-9 में नालियों के ढक्कन न होने से नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। पार्षद ने चेताया कि इससे बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने मांग की है कि यहां एक हाफ पाइप का समर सोखिल बनवाया जाए, ताकि गंदा पानी जमीन में समा सके।


पार्षद मोहम्मद शरीफ ने कहा कि क्षेत्र की जनता को साफ-सफाई और सुरक्षा दोनों की समस्या झेलनी पड़ रही है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से जल्द से जल्द खराब लाइटों को ठीक कराने और नालियों पर ढक्कन लगवाने के साथ-साथ समर सोखिल का निर्माण कराने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने भी पार्षद की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन उन्हें आंदोलन करना पड़ेगा।

No comments:

Post a Comment