Friday, July 31, 2026

मुख्यमंत्री गौ-संवर्धन योजना: मेरठ में ई-लॉटरी से 28 लाभार्थियों का चयन, 79 प्रतीक्षा सूची में


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत लाभार्थियों के चयन के लिए जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

दुग्धशाला विकास विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए 2 स्वदेशी नस्ल की गायों की इकाई स्थापित करने हेतु आवेदन मांगे गए थे। नंद बाबा दुग्ध मिशन के पोर्टल पर सीधे ई-लॉटरी के माध्यम से रेंडमाइजेशन किया गया।

रेंडमाइजेशन के बाद जनपद मेरठ के कुल 107 पात्र आवेदकों में से 28 लाभार्थियों का चयन किया गया, जिसमें 14 पुरुष और 14 महिला लाभार्थी शामिल हैं। वहीं 50 पुरुष और 29 महिला आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। चयनित सभी लाभार्थियों को जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने बधाई दी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, योजना के नोडल अधिकारी/ वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक अविनाश गुप्ता सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment