Wednesday, July 29, 2026

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 157 जोड़ों का विवाह संपन्न


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन मेरठ के पर्यवेक्षण में आज अवतार एस्टेट फार्म हाउस एंड वेडिंग वेन्यू, कुराली, बागपत रोड मेरठ में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कुल 157 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें 69 हिंदू और 88 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। विकास खंड वार विवरण इस प्रकार रहा - दौराला के 23, जानी खुर्द के 20, मेरठ के 5, रोहटा के 12, सरधना के 8, सरूरपुर के 13, मेरठ नगर निगम के 45, नगर पंचायत दौराला के 2, हर्रा के 6, करनावल के 2, खिवाई के 4, लावड़ के 4, सिवालखास के 10 और नगर पालिका सरधना के 3 जोड़े।

कार्यक्रम में सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद, ब्लॉक प्रमुख जानी गौरव चौधरी, ब्लॉक प्रमुख मेरठ कपिल मुखिया और उपनिदेशक समाज कल्याण मेरठ मंडल सुनीता यादव ने उपस्थित होकर वर-वधु को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय गृहस्थ जीवन की कामना की।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) पूजा सहरावत, खंड विकास अधिकारी दौराला, जानी खुर्द, मेरठ, रोहटा, सरधना, सरूरपुर सहित समाज कल्याण विभाग के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े पर 1 लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है, 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री दी जाती है और 15 हजार रुपये विवाह कार्यक्रम के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद मेरठ में इस वर्ष अब तक 273 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जा चुका है। इच्छुक और पात्र व्यक्ति योजना की वेबसाइट https://cmsvy.upsdc.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

No comments:

Post a Comment