नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी और आईटीआई क्रिकेट एकेडमी में चल रहे 15वें विवेक पांडेय मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को तीन मैच हुए। इसमें जूनियर वर्ग में आईसीए और केडीएम की टीम ने और सीनियर वर्ग में आईटीआई क्रिकेट एकेडमी की टीम ने जीत प्राप्त की।
जूनियर वर्ग में खेले गए पहले मैच में गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी हॉस्टल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाए। इसमें प्रिंस ने 62, कबीर जैन ने 34 रन बनाए। गेंदबाजी में मतीन ने तीन, शान ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईसीए की टीम ने 17.3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को प्राप्त किया और 5 विकेट से जीत प्राप्त की। टीम की ओर से मोहम्मद ने 37, सुभान ने 27 रन बनाए। गेंदबाजी में प्रिंस ने तीन व अभय ने दो विकेट लिए।
दूसरे मैच में आईटीआई क्रिकेट एकेडमी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाए। इसमें विराट ने 43, हार्दिक ने 39 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में लक्ष्य ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केडीएम मुजफ्फरनगर की टीम ने 15.2 ओवर में 137 रन बनाकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। इसमें लक्ष्य ने 55, अरशीत ने 30 रन बनाए। गेंदबाजी में हार्दिक को एक विकेट मिला।
तीसरा मैच सीनियर वर्ग में आईटीआई क्रिकेट एकेडमी में हुआ। इसमें आईटीआई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। इसमें अरमान ने 117 रन की शतकीय पारी खेली। जैद ने 52 रन बनाए। गेंदबाजी में अशोक व अखिल ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केडीएम क्रिकेट एकेडमी मुजफ्फरनगर की टीम 20 ओवर में 112 रन ही बना सकी और मैच हार गई। इसमें राहुल ने 25 रन बनाए। गेंदबाजी में यश तोमर ने तीन, शिवा ने एक विकेट लिया।
क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि सोमवार को जूनियर व सीनियर वर्ग में एक-एक मैच होगा। उन्होंने बताया कि लीग मैच में अच्छा प्रदर्शन करने वालीे नैतिक, हार्दिक, विराट को ईएम स्पोर्ट्स की ओर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान हिमांशु, रोहित, खुशबू, रजनी आदि मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment