सपना सी.पी. साहू
नित्य संदेश, इंदौर। शहर में स्थित लक्ष्य वेयरहाउस को मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन ने एक कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिसमें कमियां पूरी न होने पर गोदाम को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी गई है। यह वेयरहाउस मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का बताया जा रहा है, जहां कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भारी लापरवाहियां सामने आई हैं।
निरीक्षण के दौरान अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करते हुए पाया गया कि गोदाम में लगे अग्निशामक यंत्र चालू स्थिति में नहीं थे और आग बुझाने के लिए जरूरी फायर बकेट भी गायब थीं। इसके अलावा पूरे परिसर और गोदाम के भीतर साफ-सफाई की भारी कमी थी, दीवारों पर मकड़ी के जाले लगे हुए थे और मुख्य दीवारों में दरारें भी देखी गईं। परिसर में अनियंत्रित रूप से घास-झाड़ियां उगी हुई थीं और बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियां भी चोक थीं, जिससे जलभराव का खतरा बना हुआ था।
नोटिस में इस बात पर गंभीर चिंता जताई गई है कि इस वेयरहाउस में लगभग 24,000 मीट्रिक टन सरकारी खाद्यान्न भंडारित है, और सुरक्षा मानकों की ऐसी अनदेखी से कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। क्षेत्रीय प्रबंधक बी.एल. चौहान द्वारा जारी इस पत्र में इंदौर के शाखा प्रबंधक को निर्देशित किया गया है कि वे वेयरहाउस संचालक से इन सभी 6 प्रमुख कमियों को 7 दिनों के भीतर दुरुस्त करवाएं। तय समय सीमा में सुधार न होने और संतोषजनक जवाब न मिलने पर वेयरहाउस को ब्लैकलिस्ट करने की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment