Thursday, June 25, 2026

गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा परी जैन ने सीए इंटरमीडिएट में मेरठ जिला टॉप किया

शीरी अंसारी

नित्य संदेश, मेरठगुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा एवं कक्षा 10 व 12 की स्कूल टॉपर रही परी जैन ने सीए इंटरमीडिएट परीक्षा (मई 2026) में शानदार सफलता हासिल करते हुए मेरठ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे जनपद का नाम गौरवान्वित हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मेरठ जिले से सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 290 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से मात्र 39 छात्र-छात्राएं सफल घोषित हुए। ऐसे प्रतिस्पर्धी माहौल में परी जैन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। परी जैन की सफलता पर गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि परी शुरू से ही एक मेधावी, मेहनती और अनुशासित छात्रा रही हैं। उन्होंने कक्षा 10 और 12 दोनों में विद्यालय में टॉप किया था और अब सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में जिला टॉपर बनकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।

प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सफलता परी की कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय परिवार को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है। परी जैन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर देश की सेवा करना है। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने परी जैन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

No comments:

Post a Comment