नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी और आईटीआई साकेत क्रिकेट एकेडमी में चल रहे 15वें विवेक पांडेय मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को चार मैच खेले गए। इसमें ऋषभ ड्रैगन, जीटीबी, मेरठ डॉमिनेटर्स और केडीएम मुजफ्फरनगर की टीम ने मैच जीतकर टूर्नामेंट में बढ़त बनाई।
पहले मैच में स्पोर्ट्स स्टार इलेवन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 14.5 ओवर में 140 रन बनाए। इसमें कबीर ने 35 व कार्तिक ने 40 रन बनाए। गेंदबाजी में तनिष्क ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ क्रिकेट एकेडमी ड्रैगन की टीम ने 17.5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाकर 6 विकेट से मैच जीता। इसमें राघव ने 33, भाविक ने 34 रन बनाए। गेंदबाजी में कार्तिक और अक्षय ने दो-दो विकेट लिए।
दूसरे मैच में केडीएम क्रिकेट एकेडमी मुजफ्फरनगर की टीम ने पहले बल्लेबाजी कर 142 रन बनाए। इसमें कृष्णा ने 40, लक्ष्य ने 38 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में विवेक ने 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जीटीबी क्रिकेट हॉस्टल की टीम ने 15.2 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाकर 4 विकेट से मैच जीता। रिहान ने 40, अक्ष ने 42 रन बनाए। गेंदबाजी में विराट और कृष्णा ने दो-दो विकेट लिए।
तीसरा मैच सीनियर वर्ग में आईटीआई साकेत क्रिकेट एकेडमी में हुआ। उद्घाटन आईटीआई के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने किया। मैच में मेरठ डोमिनेटर्स की टीम ने बल्लेबाजी कर 20 ओवर में 193 रन बनाए। इसमें मोहित ने 50, देव ने 41 रन बनाए। गेंदबाजी में आरव ने दो, अभिमन्यु ने एक, शिवा ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईटीआई की टीम 170 रन ही बना सकी और 23 रन से मैच हार गई। टीम की ओर से प्रयाग ने 55, जैद ने 40 रन बनाए। गेंदबाजी में रचित ने 4, अभिषेक ने दो विकेट लिए।
चौथे मैच में केडीएम मुजफ्फरनगर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। इसमें प्रियांशु ने 42, अवि ने 41 रन बनाए। गेंदबाजी में करन ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ चैंपियंस की टीम 130 रन पर आउट हो गई और 35 रन से मैच हार गई। इसमें शिवा ने 35, बिलाल ने 33 रन बनाए। गेंदबाजी में अशोक ने 5 विकेट लिए।
इस मौके पर व्यापारी नेता रजनीश कौशल भी मौजूद रहे।क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि शुक्रवार को जूनियर वर्ग में दो और सीनियर वर्ग में एक मैच होगा।

No comments:
Post a Comment