Wednesday, June 24, 2026

शिशुकुंज स्कूल में 150 बच्चों के बीमार पड़ने के बाद अब जांच तेज, गुरु हरिकिशन स्कूल का किचन सील, NDPS में एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त; अन्य स्कूलों की जांच जारी

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर शिशुकुंज स्कूल में डेढ़ सौ से अधिक बच्चों के बीमार पड़ने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने शहर के स्कूलों में संचालित किचन, मेस और खाद्य व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी है। बुधवार को प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमों ने कई स्कूलों का निरीक्षण किया, जिसमें खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।


खंडवा रोड स्थित गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल के निरीक्षण के दौरान स्कूल के पास वैध खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया। वहीं, किचन में उपयोग की जा रही कुछ खाद्य सामग्री एक्सपायरी डेट की मिली। टीम ने सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाते हुए स्कूल के किचन को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण में यह भी पाया गया कि स्कूल में टैंकर के पानी का उपयोग किया जा रहा था, जबकि उसकी गुणवत्ता संबंधी जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। आरओ सिस्टम की टंकी भी गंदी मिली, जिसे अधिकारियों ने तत्काल साफ करवाया। प्रशासन की दो अन्य टीमें एडवांस एकेडमी और डीपीएस स्कूल में भी जांच कर रही हैं। इन संस्थानों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


इसी कड़ी में न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल (एनडीपीएस) का निरीक्षण किया गया। यहां सॉस, खाद्य तेल और अन्य खाद्य सामग्री एक्सपायरी डेट की पाई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सामग्री जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।




अभिभावकों से शिकायत दर्ज कराने की अपील


कलेक्टर शिवम वर्मा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी स्कूल, हॉस्टल, मेस, कैंटीन या अन्य खाद्य प्रतिष्ठान में गंदगी, मिलावट, अस्वच्छता या खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर दें। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


स्कूलों में खाद्य सुरक्षा पर बढ़ी निगरानी


शिशुकुंज स्कूल की घटना के बाद प्रशासन अब स्कूलों में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन, पानी की शुद्धता और किचन की स्वच्छता को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


अग्रसेन स्कूल में मेस और स्टोरेज क्षेत्र का निरीक्षण कर खाद्य अनुज्ञप्ति की शर्तों के पालन की समीक्षा की गई। यहां से तैयार चावल, राजमा, आटा और बेसन सहित चार खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।


एडवांस एकेडमी में निरीक्षण के दौरान पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और खाद्य हैंडलर्स की मेडिकल फिटनेस संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाई गई। यहां से मावा, तुअर दाल, चावल, बेसन, आटा, रोटी, आलू-मटर की सब्जी, खिचड़ी, कढ़ी, स्प्राउट्स और मिर्च पाउडर सहित 11 नमूने परीक्षण के लिए लिए गए।


वहीं, अक्रोपोलिस संस्थान के मेस, किचन और खाद्य भंडारण क्षेत्र में स्वच्छता संबंधी कई खामियां मिलीं। खाद्य पदार्थों के रखरखाव और भंडारण में भी मानकों का समुचित पालन नहीं पाया गया। यहां से धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, दही, पनीर और बेसन सहित छह नमूने एकत्र किए गए। अनियमितताओं को देखते हुए आवश्यक सुधार होने तक संस्थान के किचन संचालन को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए।


अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment