नित्य संदेश ब्यूरो
बड़ौत (बागपत)। बागपत के बड़ौत शहर में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब मैन बस स्टैंड स्थित पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके इकलौते बेटे विकास अग्रवाल की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे शहर में बवाल मच गया, बाजार बंद हो गए और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर व्यापारियों ने जमकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:50 बजे दो बाइकों पर सवार बदमाश टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल की दुकान पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी और उसके गैंग के बदमाशों ने दुकान के अंदर बैठे सोहनलाल और उनके 30 वर्षीय बेटे विकास को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में सोहनलाल अग्रवाल को सीने में गोली लगी, जबकि बेटा विकास जान बचाने के लिए दुकान से बाहर निकला और एक हमलावर से भिड़ गया। इसी दौरान पिस्टल छीनने की कोशिश में गोली चल गई, जिससे हमलावर पक्ष का बदमाश भी घायल हो गया। तभी दूसरे बदमाश ने विकास को गोली मार दी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान एक राहगीर समेत कई अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हुए। घायलों में हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी भी शामिल था। देर रात सूचना मिली कि क्रॉस फायरिंग में घायल वरुण लुहारी की भी मौत हो गई। वहीं घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने एक घायल बदमाश को पकड़ लिया था, जिसकी पिटाई और सेवा-पानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
छह महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी दो महीने की गर्भवती
मृतक विकास अग्रवाल की शादी दिसंबर 2025 में हुई थी। उनकी पत्नी नेहा दो महीने की गर्भवती बताई जा रही हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में सिर्फ मां और बहू ही बची हैं। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे शहर में इस बात को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
2016 से चली आ रही थी खूनी रंजिश
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोहनलाल अग्रवाल और हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी के बीच दुश्मनी की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी। उस समय एक विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। परिजनों का आरोप है कि करीब नौ साल पहले भी उनके परिवार पर हमला हुआ था, लेकिन उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई।
10 बदमाशों के शामिल होने का दावा
मृतक विकास के चचेरे भाई वरुण अग्रवाल ने आरोप लगाया कि घटना में वरुण लुहारी गैंग के करीब 10 बदमाश शामिल थे। उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल एनकाउंटर की मांग की है।
हाईवे जाम, बाजार बंद, व्यापारियों में उबाल
डबल मर्डर से गुस्साए व्यापारियों ने बड़ौत बाजार बंद करा दिया और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। कारोबारी की पत्नी और बहू भी सड़क पर बैठ गईं और पुलिस से इंसाफ की मांग करने लगीं। स्थिति को संभालने के लिए एसपी बागपत सूरज राय खुद मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
10 टीमों का गठन, CCTV खंगाल रही पुलिस
एसपी सूरज राय ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए 10 टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। बड़ौत के बीच बाजार में हुई इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे जिले को हिला दिया है। पुलिस चौकी से कुछ कदम दूर हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
No comments:
Post a Comment