Saturday, June 27, 2026

मामूली विवाद में छावनी अनाज मंडी बंद, हम्माल संघ ने अधिकारियों पर लगाए आरोप

 

•‌ मंडी सचिव ने मंडी को अनिश्चितकाल बंद करने का पत्र किया जारी 


• हम्मालों के लाइसेंस निरस्ती की भी कही बात

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर छावनी अनाज मंडी में हम्माल संघ के अध्यक्ष और मंडी समिति के सह सचिव के बीच हुआ मामूली विवाद तूल पकड़ता जा रहा है, इसमें मंडी सचिव द्वारा जारी किया गया अधिकारिक पत्र आग में घी का काम कर रहा है।  विरोध स्वरूप मजदूर संघ ने 2 घंटे मंडी बंद रखने की बात कही थी जबकि मंडी सचिव ने मंडी को अनिश्चितकालीन बंद रखने का आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है, अब व्यापारी एसोसिएशन दोनों के बीच समझौता करने का प्रयास कर रहा है।


 छावनी अनाज मंडी में वर्षों से  एक प्लॉट  खाली पड़ा है, जहां लोग कूड़ा कचरा डालते थे। इस प्लॉट पर मंडी समिति ने जाली लगवा दी है, इस संबंध में जब हम्माल संघ अध्यक्ष ने मंडी के सह सचिव से चर्चा की, इस पर सह सचिव ने कथित रूप से हम्माल संघ के अध्यक्ष के साथ अभद्र भाषा का उपयोग किया इससे आहत मजदूर संघ ने शनिवार को 2 घंटे मंडी बंद रखने का आव्हान किया था, इसी के तहत उन्होंने  धरना देते हुए मंडी समिति के खिलाफ प्रदर्शन किया।

हम्माल संघ के अध्यक्ष  राजू प्रजापति के अनुसार वर्षों से खाली पड़े प्लॉट पर कब्जे की आशंका है इसीलिए हमने सवाल उठाया था लेकिन अधिकारी ने अभद्रता की जिसके बाद हमारे साथी आक्रोषित है हमने सिर्फ 2 घंटे सांकेतिक मंडी बंद करने की बात कही थी।


अध्यक्ष राजू प्रजापति ने मंडी सचिव ओम प्रकाश भिड़े पर हठ धर्मिता का आरोप लगाया है।  राजू प्रजापति के मुताबिक  सचिव ने अनिश्चितकाल के लिए मंडी बंद करने का आधिकारिक पत्र जारी किया है जिसमें उन्होंने मंडी में कार्य कर रहे हम्मालों के लाइसेंस निरस्त करने की भी बात कही है। 


इस विवाद से  हम्माल, व्यापारी और किसान तीनों को नुकसान हुआ है। व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हम्माल संघ को बुलाकर उनसे चर्चा की अब सोमवार को मंडी सचिव,  हम्माल संघ और व्यापारिक संगठन तीनों मिलकर इस विवाद को सुलझाने का प्रयास करेंगे। 

हम्माल संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार को इस बात का पटाक्षेप नहीं हुआ तो संघ आंदोलन के लिए उतरेगा और इस आंदोलन में लक्ष्मीबाई अनाज मंडी के मजदूर साथी भी साथ होंगे।

No comments:

Post a Comment