मेरठ प्रेस क्लब केवल एक भवन नहीं, बल्कि पत्रकारों की एकता, सम्मान और अभिव्यक्ति का प्रतीक है:अतुल कुमार माहेश्वरी
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पत्रकारों की ऐतिहासिक संस्था मेरठ प्रेस क्लब, मंगल पांडे नगर में वर्षों से बंद पड़े विद्युत कनेक्शन को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर मंगलवार को संयुक्त प्रेस क्लब (रजि.), मेरठ के नेतृत्व में पत्रकारों एवं पदाधिकारियों ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक, जिसका विक्टोरिया पार्क, जेल चुंगीरोड, कार्यलय जनपद मेरठ मे है को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में मेरठ प्रेस क्लब की गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं और पत्रकारों को लगातार असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि मेरठ प्रेस क्लब, जनपद मेरठ मे लंबे समय से पत्रकारों की गतिविधियों, प्रेस वार्ताओं, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों तथा पत्रकार हितों के मुद्दों का प्रमुख केंद्र रहा है। लेकिन वर्षों से विद्युत कनेक्शन बंद होने के कारण क्लब भवन का उपयोग सीमित हो गया है। गर्मी के मौसम में पंखे और कूलर नहीं चल पाते, जबकि शाम के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने से बैठकों एवं कार्यक्रमों के आयोजन में भी गंभीर कठिनाइयां आती हैं। संयुक्त प्रेस क्लब (रजि.) के अध्यक्ष अतुल कुमार माहेश्वरी ने कहा कि मेरठ प्रेस क्लब केवल एक भवन नहीं, बल्कि पत्रकारों की एकता, सम्मान और अभिव्यक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए बने इस महत्वपूर्ण केंद्र में बिजली न होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। यदि विद्युत आपूर्ति बहाल हो जाती है तो प्रेस क्लब में पत्रकारों की गतिविधियों को नई गति मिलेगी और यह भवन पुनः सक्रिय भूमिका निभा सकेगा। महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और पत्रकारों की संस्था की उपेक्षा किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग एवं प्रशासन को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि मेरठ प्रेस क्लब को पुनः जीवंत बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज लंबे समय से इस समस्या का समाधान चाहता है और अब इसमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। पत्रकारों ने ज्ञापन में यह भी मांग की कि केवल बिजली कनेक्शन ही नहीं, बल्कि मेरठ प्रेस क्लब भवन की अन्य मूलभूत आवश्यकताओं पर भी ध्यान दिया जाए, जिससे पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और संस्था का गौरव पुनः स्थापित हो सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी, महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर, लियाकत मंसूरी, राजेंद्र चौहान, रमेश सोनी, जाहिदा खान, शालू शर्मा, माही कश्यप, फोटोग्राफर मुन्ना भाई, दिनेश कुमार सिंघल, प्रभास रस्तोगी, अशोक टाइगर, गौरव गोयल, शुभम, एम एम खान, मोहम्मद नौशाद, आदित्य महेश्वरी, मुकुल भारद्वाज, नूकुल भारद्वाज, मदनपाल गौतम, रवि ठाकुर, सुनील बदली, राहुल गुप्ता, गणेश ठाकुर, अनु अग्रवाल, अविनाश कुमार सक्सेना, श्रीपाल तेवतिया, सुनील शर्मा, बृजपाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्यगण एवं पत्रकार मौजूद रहे। पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि पीवीवीएनएल प्रशासन इस मामले को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा और वर्षों से बंद पड़ा विद्युत कनेक्शन पुनः चालू कराया जाएगा, जिससे मेरठ प्रेस क्लब भवन एक बार फिर पत्रकारों की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सके।

No comments:
Post a Comment