नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ / बागपत। विशाल कांवड यात्रा एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिका देते हुए प्रबन्ध निदेशक श्री रवीश गुप्ता (आई०ए०एस०) ने आज पुरामहादेव मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होनें पुरामहादेव विद्युत उपकेन्द्र (बिजलीघर) तथा मंदिर परिसर स्थित कन्ट्रोल रूम का निरीक्षण कर, विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के उपरान्त मंदिर प्रांगण में अधिशासी अभियन्ता एवं उपखण्ड अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विद्युत उपकेन्द्र का निरीक्षण करते हुए प्रबन्ध निदेशक ने अधिकारियों से विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्हाने निर्देशित किया कि कांवड यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का विद्युत व्यवधान उत्पन्न न हो तथा अधिकारी निरन्तर निगरानी बनाए रखें। बिजलीघर का निरीक्षण करने के उपरान्त प्रबन्ध निदेशक ने मंदिर परिसर स्थित कन्ट्रोल रूम का निरीक्षण कर, निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की उन्होनें कहा कि कांवड यात्रा के दौरान अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के पश्चात् मंदिर प्रांगण में जनपद बागपत के सभी अधिशासी अभियंताओं एवं उपखण्ड अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक मे कांवड यात्रा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, फॉल्ट की त्वरित मरम्मत, विद्युत सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा विभागीय समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रबन्ध निदेशक ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गो पर सभी विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा किसी भी शिकायत का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान प्रबन्ध निदेशक, महोदय द्वारा विद्युत वितरण मण्डल के वाणिज्यिक एवं तकनीकी पैरामीटरों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक मे मण्डल के कार्यों की प्रगति राजस्व वसूली, विद्युत हानियों मे कमी एवं विद्युत सेवाओं से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की गई। प्रबन्ध निदेशक के अधिकारियों को निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्यों को हर हाल में प्राप्त करने के निर्देश दिए तथा लाईन लॉस एवं विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु नियमित जाँच अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
प्रबन्ध निदेशक ने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुडे इस महत्वपूर्ण आयोजन में विद्युत विभाग की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वाहन करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुचारू एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में श्री जगदीश प्रसाद यादव अधीक्षण अभियन्ता बागपत, श्री सोनम सिंह स्टॉफ आफिसर, श्री अमित कुमार अधिशासी अभियन्ता बागपत प्रथम, श्री ब्रिजेश कुमार यादव अधिशासी अभियन्ता बडौत-प्रथम, श्री रवि कुमार अधिशासी अभियन्ता खेकडा, श्री दुर्गेश उपखण्ड अधिकारी, श्री विनय कुमार उपखण्ड अधिकारी, श्री अजय कुमार उपखण्ड अधिकारी, श्री हसीब आलम उपखण्ड अधिकारी आदि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment