Sunday, June 14, 2026

भारत ने सड़क नेटवर्क में रचा इतिहास: चीन को पछाड़ा, अब अमेरिका के बेहद करीब

 

सपना सी.पी. साहू 

नित्य संदेश। सड़क बुनियादी ढांचे (रोड इंफ्रास्ट्रक्चर) के मामले में भारत ने वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत अब चीन को काफी पीछे छोड़कर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क वाला देश बन गया है। हालिया आंकड़ों के अनुसार, भारत का कुल सड़क नेटवर्क लगभग 67 लाख किलोमीटर तक पहुंच चुका है, जो चीन के 54.90 लाख किलोमीटर के नेटवर्क से कहीं अधिक है। हालांकि, सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि भारत अमेरिका से भी आगे निकल गया है, लेकिन तकनीकी रूप से भारत (67 लाख किमी) अभी अमेरिका (लगभग 68.32 लाख किमी) के बाद दूसरे स्थान पर है। फिर भी, भारत जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, उससे अमेरिका और भारत के बीच का अंतर अब बेहद कम रह गया है।


​देश के कोने-कोने को बेहतरीन गुणवत्ता की सड़कों, हाईवे और एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए पिछले 12 वर्षों में रिकॉर्ड गति से काम हुआ है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक दशक में भारत के रोड नेटवर्क में 59% से अधिक की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। साल 2013-14 में जहां देश में नेशनल हाईवे की लंबाई लगभग 91,287 किलोमीटर थी, वहीं आज यह बढ़कर 1,46,000 किलोमीटर से भी अधिक हो चुकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि बुनियादी ढांचे में आ रहा यह क्रांतिकारी बदलाव न सिर्फ देश की आर्थिक तरक्की को नई गति दे रहा है, बल्कि वह दिन भी दूर नहीं जब भारत सड़क निर्माण के मामले में शीर्ष पर मौजूद अमेरिका को भी पीछे छोड़ देगा।


No comments:

Post a Comment