Wednesday, June 24, 2026

रोजगार मेले में 151 युवाओं को मिली नौकरियां

• मेरठ कॉलेज के केंद्रीय पुस्तकालय में 145 युवाओं का किया गया चयन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हर संभव प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में बुधवार को मेरठ कॉलेज और सेवायोजन विभाग में दिव्यांग युवाओं के लिए विशेष रोजगार मेलों का आयोजन किया गया। इस दौरान मेरठ कॉलेज में 145 और सेवायोजन विभाग में 6 दिव्यांगों को साक्षत्कार में सफल होने पर बेहतरीन वेतन पैकेज के साथ नौकरियां प्रदान की गईं।

मेरठ कॉलेज के केंद्रीय पुस्तकालय में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विवेक कुमार गर्ग तथा कॉलेज प्राचार्य प्रो. (डॉ.) युद्धवीर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। उद्घाटन सत्र का संचालन वाणिज्य संकाय के प्रोफेसर डॉ. दीपक वर्मा ने किया। मेले में कुल 450 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया। मुख्य अतिथि विवेक कुमार गर्ग ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल, संवाद क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान भी सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने और अपने कौशल का निरंतर विकास करने का आह्वान किया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) युद्धवीर सिंह ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि मेरठ कॉलेज उद्योग जगत और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। कॉलेज प्रेस प्रवक्ता प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने कहा कि कॉलेज परिसर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं और रोजगार बाजार के बीच की दूरी को कम करना और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

रोजगार मेले में जुपिटर इंटरनेशनल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, स्टैनफोर्ड क्रिकेट इंडस्ट्रीज (एसएफ), शुभम ऑर्गेनिक्स लिमिटेड, ट्रैक बोन, जेके मैनेजमेंट सॉल्यूशन, बीडीएस कॉलेज ऑफ लॉ, शांति निकेतन कॉलेज ऑफ लॉ, एबीएम जॉब्स सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों ने भाग लिया। इस दौरानं स्किल सेतु कंपनी ने सर्वाधिक 61 और नवज्योति फाउंडेशन ने 38 युवाओं का चयन किया। रोजगार मेले का आयोजन कॉलेज के करियर एंड काउंसलिंग सेल की संयोजिका प्रो. अर्चना सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान डॉ. अंशु जैन, डॉ. रीना बंसल, डॉ. आलिया, डॉ. नीलम पवार, डॉ. अनुराग सिंह तथा डॉ. जितेंद्र यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


एचडीएफसी बैंक ने चयनित किए दिव्यांग

सेवायोजन विभाग ने दिव्यांग युवाओं के लिए विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया। इस दौरान एचडीएफसी बैंक की ओर से साक्षात्कार लिए गए। साक्षात्कार के उपरांत कस्टमर रिलेशन ऑफिसर के पद पर दिव्यांग युवाओं का चयन किया गया। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने बताया कि बैंक की ओर से सभी चयनित युवाओं को तीन लाख रूपये वार्षिक वेतन का पैकेज प्रदान किया गया है।

No comments:

Post a Comment