नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेशानुसार एवं सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के पॉश क्षेत्र तुलसी नगर में संचालित एक अवैध शराब निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया।
आबकारी विभाग की विभिन्न टीमों के द्वारा की गई छापामार कार्रवाई के दौरान 144 बल्क लीटर (16 पेटी) देशी मदिरा प्लेन तथा अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, उपकरण एवं अन्य संबंधित सामान जब्त किया गया। जांच में पाया गया कि उक्त स्थान पर अवैध रूप से शराब का निर्माण एवं भंडारण किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। आबकारी विभाग द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि अवैध शराब का नेटवर्क किन क्षेत्रों तक फैला हुआ था तथा इसमें अन्य कौन-कौन व्यक्ति शामिल हैं।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा, आज की इस कार्यवाही में अंतरराज्यीय लेबल और होलोग्राम भी ज़ब्त हुए हैं जो एक अंतर्राज्यीय गिरोह के इसमें शामिल होने की ओर इशारा करते हैं विवेचना में इस तथ्य की भी विवेचना की जाएगी तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




No comments:
Post a Comment