Sunday, May 10, 2026

मेडिकल कॉलेज में दिया गया NRP प्रशिक्षण

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग द्वारा NRP (Neonatal Resuscitation Program) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 40 डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य नवजात शिशुओं के जन्म के तुरंत बाद “गोल्डेन मिनट” के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक चिकित्सीय कार्यशैली के बारे में डॉक्टरों को प्रशिक्षित करना था, जिससे नवजात शिशु मृत्यु दर को काफी हद तक कम किया जा सके। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम NNF India के तत्वावधान में मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में सम्पन्न हुआ। 


कार्यक्रम का संचालन एवं पर्यवेक्षण NNF India के सचिव डॉ. अमित उपाध्याय की देखरेख में किया गया। वहीं प्रशिक्षण को डॉ. तूबा कमर सहायक आचार्य, बाल रोग विभाग, द्वारा सफलतापूर्वक पूर्ण कराया गया। बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ अनुपमा वर्मा ने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से डॉक्टरों को यह सिखाया गया कि जन्म के पहले ही मिनट में नवजात शिशु को किस प्रकार सुरक्षित एवं स्वस्थ रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की ट्रेनिंग नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल और मृत्यु दर में कमी लाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।

कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आएशा सैफी, डॉ शिवम शर्मा व डॉ देवांश यादव सहित अन्य चिकित्सक भी उपस्थित रहे। उपरोक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु प्राचार्य ने बाल रोग विभाग को शुभकामनाएं दी।

No comments:

Post a Comment