Wednesday, May 6, 2026

"उन्मुक्त भारत" द्वारा राष्ट्रीय चरित्र निर्माण कार्यशाला का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठः किसी देश को जानने का सबसे सटीक तरीका उसके निवासियों के चरित्र, आचरण और नैतिक मूल्यों को समझना है। राष्ट्रीय चरित्र—सामूहिक मनोबल, ईमानदारी और सांस्कृतिक मूल्यों का मिश्रण—देश की असली शक्ति है, न कि केवल उसकी भौगोलिक सीमा या सामरिक क्षमता। एक राष्ट्र का निर्माण नागरिकों के चरित्र-निर्माण से होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अभिनव भारत चैरिटेबल ट्रस्ट की कार्यकारी इकाई “उन्मुक्त भारत” द्वारा राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, नूरनगर, लिसाड़ी रोड, मेरठ में एक राष्ट्रीय चरित्र निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संयोजन भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके फौज़ी ओम सिंह राणा ने किया। इस कार्यशाला में फौज़ी ओम सिंह राणा एवं  कमरपाल फौजी क्रमशः मुख्य एवं विशिष्ट वक्ता के रुप में उपस्थित रहे। इस दौरान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार नागर ने सभी का स्वागत किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ ’वंदे मातरम’ के गान के साथ हुआ।


इस कार्यशाला के संयोजक ओम सिंह राणा ने अपने उद्बोधन में व्यक्तिगत एवं राष्ट्रीय चरित्र निर्माण, भारत सरकार की ’राहवीर योजना’, माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारियों विशेषकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं आजाद हिंद फौज के योगदान तथा 21 अक्टूबर 1943 के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं कमरपाल फौजी ने छात्रों से नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा मोबाइल के सदुपयोग-दुरुपयोग एवं आपातकालीन सेवा 112 के प्रभावी उपयोग पर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। यह कार्यशाला अत्यंत सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बता दें कि इस कार्यशाला का समापन अखंड भारत के राष्ट्रगान के साथ किया गया। विद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यशाला में विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार नागर ने राष्ट्रीय चरित्र निर्माण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए छात्रों को राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों से परिचित कराया। इस दौरान प्रधानाचार्य नागर ने सुभारती समूह एवं उन्मुक्त भारत के द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान की प्रशंसा की एवं टीम के सदस्यों का आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर टीम के संयोजक ओम सिंह राणा एवं कमरपाल फौजी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार नागर को सुभारती समूह के संस्थापक एवं मेरठ ही नहीं देश के सुप्रसिद्ध राष्ट्रवादी शिक्षाविद् डॉ. अतुल कृष्ण, द्वारा लिखित पुस्तक “राष्ट्र अनुभूति”की प्रति भेंट की। परिसर में नशा मुक्ति, राष्ट्रभक्ति तथा महान क्रांतिकारियों के विचारों से संबंधित वॉल पेंटिंग एवं संदेशात्मक बोर्डों की प्रदर्शनी को देखकर सभी अतिथियों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधन को साधुवाद दिया।

No comments:

Post a Comment