नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। श०मं०पा० राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, मेरठ की प्राचार्य डा. अंजू सिंह एवं 22 यूपी गर्ल्स बटालियन, मेरठ के कमान अधिकारी कर्नल होपेन्दर ठाकुर के संरक्षण तथा कैप्टन डा० लता कुमार के नेतृत्व में एनसीसी इकाई द्वारा वार्षिक समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ठाकुर प्रीतीश कुमार सिंह पूर्व अध्यक्ष रोटरी क्लब मेरठ डिफेंस उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय प्राचार्य और मुख्य अतिथि के द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुआ । तत्पश्चात एनसीसी अधिकारी कैप्टन प्रो. लता कुमार के द्वारा प्राचार्य महोदया का स्वागत पौधे और बैज के द्वारा किया गया । मुख्य अतिथि ठाकुर प्रीतीश कुमार जी का स्वागत महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा एक सुरभित पौधा भेंटकर और बैज लगाकर किया गया। कैडेट अनीशा ने एनसीसी इकाई के बारे में अपने अनुभवों को सभी के साथ साझा किया । इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए । कैडेट मानविका के द्वारा संयुक्त रूप से एनसीसी गीत ‘हम सब भारतीय hain’ का गायन किया गया।
कैडेट अंशु के द्वारा ‘आरंभ है प्रचंड’ गीत पर नृत्य का प्रदर्शन किया गया। कैडेट वर्णिका ने देशभक्ति के गीतों पर नृत्य किया तथा कैडेट अनु ने ‘जिस देश में गंगा रहता है’ गीत पर सुंदर और भाव पूर्ण देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात एनसीसी इकाई द्वारा वर्ष भर संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं अभियानों के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया गया। इनमें रक्तदान दिवस, विश्व पर्यावरण दिवस, कारगिल शहीद दिवस, सशस्त्र सेना झंडा दिवस, तिरंगा यात्रा अभियान, भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जयंती आदि विभिन्न आयोजनों में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया । सर्वश्रेष्ठ कैडेट का पुरस्कार कॉरपोरल पूर्णिमा को प्रदान किया गया।
अंडर ऑफिसर आरुषि सिंह, कॉरपोरल गौरी को वर्ष भर सीनियर कैडेट का दायित्व निर्वहन हेतु पुरस्कृत किया गया। विभिन्न कैडेट्स को स्वच्छता अभियान में सतत भागीदारी के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही एनसीसी इकाई द्वारा सभी कैडेट को मेडल पहनकर सम्मानित किया गया । मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में एनसीसी के द्वारा विभिन्न अभियानों में सक्रिय सहभागिता की सराहना की और कहा कि कैडेटस के लिए सेना में अब अधिक अवसर उपलब्ध हैं । कैडेट पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बल तथा सेना की सभी शाखाओं में तैयारी कर आवेदन कर सकती हैं ।
महाविद्यालय प्राचार्य प्रो अंजू सिंह ने कार्यक्रम आयोजन हेतु एनसीसी इकाई की सराहना की और सभी विजेताओं को बधाई दी । साथ ही कैडेट्स द्वारा निरंतर समाजसेवा और राष्ट्र सेवा के लिए कार्य करने का संदेश दिया । कार्यक्रम के अंत में प्रतीक चिह्न देकर मुख्य अतिथि तथा प्राचार्य का अभिनंदन किया गया । कार्यक्रम का संयोजन तथा धन्यवाद ज्ञापन एनसीसी अधिकारी कैप्टन प्रो लता कुमार ने किया । संचालन कैडेट मानविका ने किया । कार्यक्रम में 50 कैडेट्स ने सहभागिता की ।
No comments:
Post a Comment