Wednesday, May 13, 2026

राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ सहारनपुर में “उन्मुक्त भारत” की विशेष गोष्ठी आयोजित

 

राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान में युवाओं एवं समाज की सक्रिय भागीदारी पर दिया गया बल


नित्य संदेश ब्यूरो


मेरठ। अभिनव भारत चैरिटेबल ट्रस्ट की कार्यकारी इकाई उन्मुक्त भारत द्वारा राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत सहारनपुर स्थित सन सिटी ग्रैंड सोसायटी में एक प्रेरणादायी एवं राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सूबेदार सतीश कुमार (सेना मेडल) के निवास पर संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के अनेक प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवियों एवं राष्ट्रहित में कार्य करने वाले जागरूक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। 


कार्यक्रम में उन्मुक्त भारतकी ओर से ओम सिंह राणा एवं पूनम राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी, नैतिक मूल्यों की स्थापना तथा युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने की आवश्यकता पर विस्तार से विचार रखे।


इस अवसर पर उपस्थित लोगों से आह्वान किया गया कि वे सुभारती ग्रुप के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण के कुशल मार्गदर्शन में संचालित अभिनव भारत चैरिटेबल ट्रस्ट की कार्यकारी इकाई उन्मुक्त भारतसे जुड़कर राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। वक्ताओं ने कहा कि एक सशक्त, संस्कारित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक और उत्तरदायी होना अत्यंत आवश्यक है।  अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री ओम सिंह राणा ने कहा कि सुंदर एवं विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब व्यक्ति अपने व्यक्तिगत चरित्र के साथ-साथ राष्ट्रीय चरित्र को भी मजबूत बनाए। उन्होंने सामाजिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया।  


उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा दुर्घटना पीड़ितों की सहायता हेतु प्रारंभ की गई राहवीर योजनाका उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की समय पर सहायता करना प्रत्येक नागरिक का मानवीय एवं राष्ट्रीय दायित्व है। इसके साथ ही उन्होंने माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान को भारतीय संस्कृति की आधारशिला बताते हुए युवाओं से अपने संस्कारों एवं परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।

 

गोष्ठी के दौरान श्री ओम सिंह राणा ने भारत की स्वतंत्रता संग्राम की गौरव गाथा पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं आजाद हिंद फौज के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि लाखों देशभक्तों के त्याग, बलिदान और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने अखंड भारत की स्वतंत्रता के ऐतिहासिक संदर्भ में 21 अक्टूबर 1943 के महत्व को भी रेखांकित किया तथा उपस्थित जनसमूह को राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम्के सामूहिक गायन से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया। वहीं कार्यक्रम का समापन अखंड भारत के राष्ट्रगान के साथ हुआ। संपूर्ण गोष्टी सकारात्मक ऊर्जा, राष्ट्रीय चेतना एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई।

No comments:

Post a Comment