नित्य संदेश ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जयमाल की रस्म के बीच दुल्हन अपने प्रेमी को देखकर स्टेज छोड़कर भाग निकली। शादी की रस्में आनंदपूर्वक चल रही थीं और दूल्हा-दुल्हन वरमाला के लिए मंच पर खड़े थे, तभी दुल्हन की नजर भीड़ में खड़े अपने प्रेमी पर पड़ी। प्रेमी को देखते ही दुल्हन ने हाथ में थामी वरमाला फेंक दी और भारी लहंगे की परवाह किए बिना स्टेज से नीचे कूदकर सीधे प्रेमी के पास जा पहुंची और उसका हाथ पकड़ लिया। इस अप्रत्याशित घटना को देख वहां मौजूद बाराती और घराती पूरी तरह दंग रह गए और देखते ही देखते खुशी का माहौल हंगामे में बदल गया।
दुल्हन के इस कदम से अपमानित महसूस कर रहे दूल्हे और उसके परिवार ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस दुल्हन, प्रेमी और परिजनों को थाने ले गई, जहां घंटों तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। दुल्हन लगातार अपने प्रेमी के साथ ही जाने की जिद पर अड़ी रही। अंततः काफी मान-मनौव्वल और गहमागहमी के बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। यह पूरी घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही कि किस तरह एक दुल्हन ने सामाजिक लोक-लाज छोड़कर अपने प्रेम को चुना।

No comments:
Post a Comment