Tuesday, May 5, 2026

शोभित विश्वविद्यालय में ‘कोड क्वेस्ट–2026’ का सफल आयोजन, छात्रों ने दिखाई उत्कृष्ट कोडिंग क्षमता

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ: शोभित विश्वविद्यालय के कंप्यूटर क्लब द्वारा स्कूल ऑफ कम्प्यूटेशनल साइंसेज एंड इंजीनियरिंग के संयुक्त तत्वावधान में ‘कोड क्वेस्ट–2026 कोडिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों के कोडिंग कौशल, तार्किक सोच, समस्या समाधान क्षमता एवं प्रोग्रामिंग दक्षता को प्रोत्साहित करना था, ताकि वे वास्तविक दुनिया की समस्याओं का प्रभावी समाधान विकसित करने में सक्षम बन सकें। 

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं शाखाओं से बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को कई जटिल एवं रोचक समस्याओं का समाधान करना पड़ा, जिनमें डेटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिदम, लॉजिकल एनालिसिस और कोड ऑप्टिमाइजेशन से संबंधित प्रश्न शामिल थे। 

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ज्ञानशु कुशवाहा, द्वितीय स्थान प्रिंस राज तथा तृतीय स्थान जैद अंसारी ने प्राप्त किया। 
इस अवसर पर डॉ. दिव्या प्रकाश, डीन स्टूडेंट अफेयर्स, ने कहा कि कंप्यूटर क्लब द्वारा आयोजित ऐसे तकनीकी कार्यक्रम न केवल छात्रों की शैक्षणिक दक्षता को बढ़ाते हैं, बल्कि उनमें नेतृत्व, नवाचार और आत्मविश्वास जैसी महत्वपूर्ण क्षमताओं का भी विकास करते हैं। 

कंप्यूटर क्लब के संकाय प्रभारी एवं सहायक प्राध्यापक राजेश पांडेय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कंप्यूटर क्लब का उद्देश्य छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना भी है। 

इस आयोजन की सफलता में कंप्यूटर क्लब की कोर टीम—आशा, करण, चिन्मय, ईशा, हर्ष, राहुल और अंशिका—की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:

Post a Comment