अर्जुन देशवाल
नित्य संदेश, बहसूमा। सीबीएसई द्वारा कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। जिसमें डीमोनफोर अकादमी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा तथा विद्यार्थियों ने विभिन्न संकायों में शानदार अंक प्राप्त किये।
स्कूल के संचालक डॉक्टर समीर वर्मा ने भाई नाम की घोषणा करते हुए बताया कि विद्यालय की छात्रा कनिष्का चौधरी ने ह्यूमैनिटीज वर्ग में 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल में टॉप किया है। वहीं भाविका ने पीसीबी वर्ग में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किये। प्रियांशी ने पीसीएम वर्ग में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता अर्जित की। इस अवसर पर स्कूल के संचालक डॉक्टर समीर वर्मा ने कहा कि विशेष गर्व की बात यह रही कि रामराज क्षेत्र में लगातार पाँचवीं बार डीमोनफोर अकादमी का विद्यार्थी क्षेत्र का टॉपर बना है। विद्यालय की इस निरंतर सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह शानदार परिणाम संभव हो पाया है। विद्यालय की निदेशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह परिणाम उसी का प्रमाण है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. के.के. शर्मा ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और अनुशासन ही सफलता की कुंजी हैं।विद्यालय की उपप्रधानाचार्या ऋतु चिकारा ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय परिवार को अपने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व है।
No comments:
Post a Comment