नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में श्रमिक दिवस के अवसर पर छात्रों ने स्कूल के सभी कर्मचारियों के लिए सुंदर कविताएँ सुनाईं और 'साथी हाथ बढ़ाना' गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी। अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने श्रमिकों के जीवन और उनके योगदान की महत्ता को रेखांकित किया, जिससे सभी का मन मोहित हो गया। इसके साथ ही, श्रमिक भाइयों को उपहार और ग्रीटिंग कार्ड भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित ने श्रमिक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, "कोई व्यक्ति छोटा-बड़ा नहीं होता। शिक्षा प्राप्त कर कोई भी व्यक्ति जीवन में उच्चतम स्थान प्राप्त कर सकता है। लेकिन श्रमिकों का भी हमारे जीवन में अहम योगदान है, जो हमें आगे बढ़ाने में सहायक होते हैं।" अंत में, उन्होंने सभी शिक्षकों और छात्रों का आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment