नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। महिलाओं के कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (POSH Act, 2013) तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महावीर विश्वविद्यालय, मेरठ में एक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों एवं शिक्षकों को लैंगिक संवेदनशीलता, साइबर सुरक्षा तथा साइबर अपराध की रिपोर्टिंग प्रक्रिया के बारे में जागरूक करना था।
सत्र का संचालन महावीर विश्वविद्यालय के कल्चर हेड डॉ. राजर्षि कुमार कसौधन द्वारा किया गया। उन्होंने “एक अच्छे साइबर क्राइम FIR/रिपोर्ट की मूल बातें” विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए साइबर अपराध की रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक कानूनी जानकारी तथा जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की समझ को और बेहतर बनाने के लिए साइबर अपराध, ऑनलाइन उत्पीड़न की रिपोर्टिंग तथा डिजिटल जिम्मेदारी से जुड़े विषयों पर एक जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही, जिससे यह सत्र अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रभावी सिद्ध हुआ। यह पहल प्रतिभागियों में साइबर सुरक्षा, लैंगिक संवेदनशीलता तथा सुरक्षित और सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
No comments:
Post a Comment