Breaking

Your Ads Here

Saturday, March 21, 2026

मेहरमती गणेशपुर में खूनी संघर्ष: मामूली विवाद में चले धारदार हथियार, एक की मौत, कई घायल


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। सरधना क्षेत्र के गांव मेहरमती गणेशपुर में शनिवार की शाम मामूली विवाद ने उस समय खौफनाक मोड़ ले लिया, जब दो पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार चले। इस हिंसक संघर्ष में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, विवाद की चिंगारी शनिवार शाम सुलगी। बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान सईदु के पक्ष से जुड़े लोगों और दूसरे पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई जबरदस्त मारपीट और हथियारों के वार से मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण आनन-फानन में घायलों को लेकर सरधना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद एक पक्ष के भूरा को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, भूरा के शरीर पर धारदार हथियार के गहरे जख्म थे, जो उसकी मौत का कारण बने। 

वहीं, मृतक के भाई सहीमुद्दीन और एहसान की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इसी पक्ष के तोहिद और अजहरुद्दीन को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। हिंसक झड़प में दूसरे पक्ष से साजिद और उसका पुत्र साकिब भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक घायलों का इलाज जारी था और पुलिस सुरक्षा घेरे में उनसे पूछताछ करने की कोशिश कर रही थी। 

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। भारी संख्या में पुलिस बल ने पहले सीएचसी और फिर गांव पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रहे हैं, ताकि हिंसा के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल गांव में एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है और पुलिस तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here