Breaking

Your Ads Here

Friday, March 20, 2026

कहानी - उनवान: सुहागरात यानि मुहब्बत की रात

नित्य संदेश। धीमी रौशनी से सजा कमरा फूलों की भीनी-भीनी खुशबू के साथ यह रात अपनी तमाम ख़ामोशियों, रौशनियों और रज़्म-ओ-रहस्य के साथ जब दहलीज़ पर उतरती है, तो कुछ लम्हें ऐसे होते हैं जो उम्र भर के एहसासात में ढल जाते हैं। सुहागरात भी उन्हीं लम्हों में से एक है।

एक ऐसी रात जो महज़ एक रस्म नहीं, बल्कि दो रूहों के इत्तिहाद की पहली दास्तान, एवं दो दिलों को एक होने की इब्तिदा होती है। "शब की चादर जब आसमान पर धीरे-धीरे फैलती है, तो सितारे भी अठखेलियां करते हैं जैसे इस मिलन के गवाह बनने के लिए आतुर हो। चाँद अपनी नर्म दूधिया रौशनी से इस रात को और भी पाकीज़ा बना देता है। हवा में गुलाब, रजनीगंधा और इत्र की मिली-जुली खुशबू एक अजीब-सी मस्ती घोल देती है--जैसे हर सांस एक नई कहानी लिख रही हो।

कमरा फूलों से कुछ इस तरह सजा हुआ था गुलाब की पंखुड़ियाँ बिस्तर पर इस अंदाज़ में बिखरी हुई थीं जैसे किसी ने मुहब्बत को हाथों में लेकर सजाया हो। हल्की-हल्की रौशनी, मोमबत्तियों की लौ, और पर्दों की सरसराहट इस माहौल को और भी दिलकश बना रही थी। हर चीज़ में एक नर्मी थी, एक तहज़ीब थी, एक शराफ़त थी। "दुल्हन, लाल जोड़े में सिमटी हुई, जैसे कोई ख्वाब, हकीकत बनकर सामने आ गया हो। उसके हाथों की मेहंदी अब भी ताज़ा थी, और उस पर लिखा नाम, उसकी मुहब्बत के होने की गवाही दे रहा हो, मानों, जैसे उसकी तक़दीर की तहरीर बन चुका हो। उसकी पलकों की झुकावट में हया का समंदर था, और होंठों पर ठहरी हुई खामोशी में हजारों अनकहे जज़्बात।

उसका दिल तेज़ी से धड़क रहा था। दिल की हर धड़कन एक सवाल, एक उम्मीद, एक एहसास और एक ख्वाहिश को साथ लिए हुए ये सोच रही थी कि अब ज़िन्दगी का एक नया सफ़र शुरू होने जा रहा है--एक ऐसा सफ़र जिसमें उसे अपने हमसफ़र के साथ क़दम से क़दम मिलाकर चलना है।

"बहुत ही धीरे से दरवाज़ा खुला"

दूल्हा अंदर दाख़िल हुआ। उसके चेहरे पर एक हल्की सी मुस्कान थी, मगर आँखों में गहराई थी। वो भी इस लम्हें की अहमियत से वाक़िफ़ था। उसने दरवाज़ा बंद किया, और कुछ पल यूँ ही खामोश खड़ा रहा जैसे वो इस लम्हें को महसूस करना चाहता हो, उसे अपनी रूह में उतार लेना चाहता हो, जैसे दो दिल एक होकर गुफ्तगू करना चाहते हो।

कमरे में खामोशी थी, मगर वो खामोशी भी बोल रही थी। वो धीरे-धीरे कदम बढ़ाता हुआ दुल्हन के पास आया। हर क़दम के साथ उसकी सांसें भी भारी होती जा रही थीं। उसने पास बैठकर हल्के से अर्ज किया, “सलाम...”

दुल्हन ने बहुत धीमी आवाज़ में जवाब दिया, “वालेकुम‌अस्सलाम...”

बस इतना-सा मुकालमा, मगर उसमें पूरी एक दुनिया थी, एक तहज़ीब थी। कुछ देर तक दोनों खामोश बैठे रहे। फिर उसने धीरे से उसका हाथ थामा उसके हाथ ठंडे थे, मगर उस छूअन में एक अजीब-सी गर्माहट थी। मानों जैसे दो अजनबी रूहें एक-दूसरे को पहचानने की कोशिश कर रही हों।

“डर तो नहीं लग रहा है?” उसने नर्मी से पूछा।

"दुल्हन ने हल्की-सी मुस्कान के साथ सिर झुका दिया,, “थोड़ा-सा...”

“मगर” उसने हंसते हुए कहा, “शायद यही डर मुहब्बत की शुरुआत होता है।”

उसका यह जुमला तसल्ली भरा था। इस जुमले ने जैसे माहौल को थोड़ा हल्का कर दिया। दोनों की ऑंखों में अब एक अजीब-सी चमक थी एक भरोसा, एक अपनापन था।
धीरे-धीरे गुफ्तगू शुरू हुईं बचपन की यादें, ख्वाब, पसंद-नापसंद, छोटी-छोटी गुफ्तगू जो किसी भी रिश्ते की बुनियाद बनती हैं। हर लफ्ज़ के साथ दूरी कम होती जा रही थी, और नज़दीकियाँ बढ़ती जा रही थीं।
ये रात सिर्फ जिस्मों का मिलन नहीं थी, बल्कि एहसासात का संगम थी।
उसने दुल्हन के चेहरे से घूंघट हटाया--धीरे से, बहुत एहतियात के साथ, जैसे कोई नाज़ुक चीज़ हो। दुल्हन ने पलकों को झुका लिया, मगर उसके चेहरे पर एक सुकून साफ़ नज़र आ रहा था।
“तुम बहुत खूबसूरत हो,” उसने दिल से कहा।
दुल्हन ने कुछ नहीं कहा--बस उसकी ऑंखों में देख लिया। और कभी-कभी ऑंखें वो कह देती हैं जो लफ्ज़ नहीं कह पाते।
उसने उसके माथे पर बोसा लिया।वो एक ऐसा लम्हा जिसमें इज्ज़त थी, मुहब्बत थी, और एक वादा था कि वो हमेशा उसका ख़्याल रखेगा।
रात धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी।
बाहर चाँद अब और भी ऊपर आ चुका था, जैसे वो इस मुहब्बत का पहरेदार हो। हवा में अब भी वही खुशबू थी, मगर उसमें अब एक अपनापन घुल चुका था।
दोनों एक-दूसरे के करीब थे।मगर इस क़रीबी में कोई जल्दबाज़ी नहीं थी, कोई हवस नहीं, बल्कि एक समझदारी थी, एक तहज़ीब थी।
उसकी आवाज़ में अब डर कम हो रहा था, और भरोसा ज्यादा था।
उस रात उन्होंने वादे किए-साथ निभाने के, एक-दूसरे की इज़्ज़त करने के, हर मुश्किल में साथ खड़े रहने के। वो वादे जो शायद कागज़ पर रकम नहीं किए गए, बल्कि दिलों में हमेशा के लिए बस गए।
"सुहागरात" का असल हुस्न भी यही है ये रात सिर्फ एक शुरुआत है, एक ऐसा दरवाज़ा जो एक नई दुनिया की तरफ खुलता है।
वो दुनिया जहां दो लोग सिर्फ बीवी-शौहर नहीं, बल्कि एक-दूसरे के दोस्त, हमराज़ और हमसफ़र बन जाते हैं।
रात अब धीरे-धीरे ढलने लगी थी।
फजर की अज़ान की आवाज़ मुहल्ले की मस्जिद में गूंज रही थी। आसमान पर हल्की-हल्की गुलाबी रौशनी फैलने लगी थी।
दुल्हन अब उसके कंधे पर सिर रखकर सो चुकी थी।उसके चेहरे पर एक सुकून था। जैसे उसे अपना मुकम्मल ठिकाना मिल गया हो।
दूल्हा उसकी तरफ देख रहा था उसकी ऑंखों में मुहब्बत थी, और एक जिम्मेदारी का एहसास भी।
उसने नर्मी से उसके माथे पर अपने लब रखे "एक बोसा, लिया, जिसमें बेपनाह मुहब्बत थी, एक बेआवाज़ इक़रार था, और एक ऐसा वादा था जो अल्फ़ाज़ से परे था। दुल्हन की पलकों ने हल्की-सी हरकत की, और उसके होंठों पर एक मासूम-सी मुस्कान उभर आई।जैसे किसी ख्वाब ने हक़ीक़त का दामन थाम लिया हो।
“तुम्हें पता है…” उसने बेहद धीमी आवाज़ में कहा, “आज की रात सिर्फ़ हमारी नहीं… ये हमारी तमाम आने वाली सुबहों की पहली सीढ़ी है।”
दुल्हन ने ऑंखें खोले बिना ही हल्के से उसका हाथ थाम लिया उसकी उंगलियों की गिरफ़्त में अब हिचक नहीं थी, बल्कि एक अपनापन था, एक भरोसा था, जो इस रिश्ते की रग-रग में उतर चुका था।
बाहर परिंदे चहचहाने लगे थें, मगर उस कमरे में अब भी रात की रुमानियत बाकी थी। हर सांस में एक नर्मी, हर धड़कन में एक गोज़-ए-मुहब्बत थी। उसने उसकी जुल्फ़ों को सहलाते हुए महसूस किया कि ये सिर्फ़ एक लम्हा नहीं, बल्कि एक उम्र की शुरुआत है-एक ऐसी उम्र, जिसमें हर दिन एक नई कहानी लिखी जाएगी।
दुल्हन ने धीरे से ऑंखें खोलीं उसकी नजरें उससे मिलीं, और उस नज़र में जो बात थी, वो शायद किसी किताब,या किसी शायर के दीवान में नहीं लिखी जा सकती। उसमें शुक्र था, मुहब्बत थी, और एक ख़ामोश दुआ भी।
“अब डर नहीं लगता…” उसने बहुत धीमे से कहा।,,
वो मुस्कुराई—“क्योंकि अब हम एक हैं।”
उसके इस जवाब में एक सादगी थी, मगर वही सादगी इस रिश्ते की सबसे बड़ी खूबसूरती थी।
उसने उसके हाथ को अपने दिल पर रखा।
“ये अब सिर्फ़ मेरा नहीं रहा…”
दुल्हन ने हल्की-सी हंसी के साथ कहा,,,“और मेरा दिल भी अब अकेला नहीं…”
उन दोनों की हंसी में एक नई ज़िन्दगी की आहट थी--एक ऐसी ज़िन्दगी, जिसमें हर ग़म आधा होगा और हर खुशी दोगुनी।
सहर अब पूरी तरह जाग चुकी थी।
मगर उस कमरे में, उस बिस्तर पर, उस ख़ामोशी में-अब भी रात की वो रूमानी दास्तान सांस ले रही थी, जो कभी ख़त्म नहीं होती।
क्योंकि असल में "सुहागरात" एक रात नहीं-बल्कि वो एहसास होता है…
जो हर दिन, हर लम्हा, हर मुस्कान में जिंदा रहता है,,
ओर इत्र की खुशबू सा महकता रहता है...



 

लेखक- साजिद अली 'सतरंगी'
9457530339

1 comment:

  1. बहुत खूब 👌👌 लाजवाब 👌👌

    ReplyDelete

Your Ads Here

Your Ads Here