नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विद्या विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय शिविर के तीसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों का जीवन अनमोल है, इसलिए सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए पहले से योजना बनानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे एक-दूसरे के जन्मदिन पर उपहार स्वरूप हेलमेट देने का संकल्प लें। उन्होंने बताया कि मेरठ में प्रतिवर्ष लगभग 396 लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में होती है, जिसे थोड़ी सी सतर्कता से रोका जा सकता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। एनएसएस स्वयंसेवकों ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस अवसर पर जल एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों को एनएसएस सेवा की शपथ दिलाई गई। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार विजय कुमार दुबे ने मुख्य अतिथि का स्वागत पौध भेंट एवं स्मृति चिन्ह देकर किया।
अपने संबोधन में एसपी ट्रैफिक ने कहा कि ट्रैफिक नियमों की समझ एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसके लिए नैतिक शिक्षा देना परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रेम शंकर मिश्रा, सूरज देव प्रसाद सहित अन्य संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयं सेवक उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment