Friday, March 20, 2026

तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल एवं विद्या विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आज में धूमधाम से समापन हुआ। कबड्डी प्रतिस्पर्धा के बालक सीनियर वर्ग में मेरठ जोन विजेता रहा तो बालिका जूनियर वर्ग में आगरा जोन ने जीत का परचम फहराया। प्रतिस्पर्धा के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त विकास आयुक्त मेरठ मंडल बलिराम, क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी जितेंद्र यादव के साथ जिला युवा कल्याण अधिकारी वैश्विक डबास, विद्या विश्वविद्यालय के अधिकारीगण मौजूद रहे। 

तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का अंतिम दिन उत्साह और ऊर्जा से भरपूर रहा। सबसे पहले बालिका जूनियर वर्ग में कबड्डी प्रतिस्पर्धा का आयोजन हुआ। इसमें आगरा जोन की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत का परचम फहराया। मेरठ जोन की टीम उपविजेता घोषित हुई। इसके बाद कबड्डी प्रतिस्पर्धा के बालक सीनियर वर्ग का रोमांचक मुकाबला हुआ। इसमें मेरठ जोन के खिलाड़ियों ने शुरू से अपना दबदबा बनाए रखा और विजेता बनी। वहीं झांसी जोन उपविजेता बना। गौरतलब है कि विद्या विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में कुश्ती, जूडो और कबड्डी का आयोजन किया गया। इसमें पूरे प्रदेश के 75 जिले से आठ जोन के सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक व बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि संयुक्त विकास आयुक्त मेरठ मंडल बलिराम, डीडी संजय कुमार सिंह एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी वैश्विक डबास ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

समापन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन में प्रातीय रक्षक दल, युवा कल्याण विभाग एवं विद्या विश्वविद्यालय के अधिकारियों और स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। तीन दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में जिला युवा कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, मिखन्न सिंह तोमर, हरिप्रेम सिंह के साथ समस्त प्रातीय रक्षक दल के पदाधिकारियों एवं समस्त क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों के साथ विद्या विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी गंधर्व रस्तोगी का योगदान रहा। 

No comments:

Post a Comment