Thursday, March 12, 2026

बदलते समय के अनुसार कौशल पर ध्यान दे छात्र: जयंत चौधरी

 


-डॉ. के एन मोदी फाउंडेशन के तत्वावधान में आशीर्वचनम कार्यक्रम का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मोदीनगर। गुरुवार को डॉ. के एन मोदी फाउंडेशन के तत्वावधान में आशीर्वचनम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय चौधरी जयंत सिंह रहे।


कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, विधायक मोदीनगर डॉ. मंजू सिवाच विशेष अतिथि एवं चेयरमैन विनोद वैशाली विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्वलन तथा सरस्वती वंदना से किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. के एन मोदी विश्वविद्यालय मोदीनगर के "कौशल विकास एवं उद्यमिता केंद्र" का उद्घाटन भी किया गया। श्री चौधरी ने सीखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि "आज चारों तरफ रैंक की होड़ मची हुई है। मैं छात्रों और अभिभावकों से कहना चाहूंगा कि कोई भी परीक्षा केवल शुरुआत है, उसे अंत न समझा जाए। इसलिए छात्रों को खुद के समावेशी विकास और बदलते समय के अनुसार कौशल पर ध्यान देने की आवश्यकता है।" श्री चौधरी ने अपने संबोधन में डॉ. के एन मोदी फाउंडेशन एवं विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे अथक प्रयासों की सराहना की तथा छात्र-छात्राओं को कहा कि आज जब भारत बोलता है तो पूरा विश्व उसे ध्यान से सुनता है इसलिए सभी विद्यार्थियों को अपनी कार्य कुशलता को इतना बेहतर बनाने की आवश्यकता है कि विश्व में उनका कोई सानी ना मिल सके। उन्होंने सभी को बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दी।


संस्थान के अध्यक्ष प्रो. डॉ. डीके मोदी ने अपने अभिवचन में चौधरी जयंत सिंह का मोदीनगर में इस कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए आभार प्रकट किया तथा उन्होंने डॉ. के एन मोदी विश्वविद्यालय मोदीनगर का शैक्षणिक छात्र 2025-26 से संचालन प्रारंभ किए जाने से लेकर संस्थान में हो रहे शैक्षणिक क्रियाकलापों, छात्रों के कौशल विकास एवं रोजगार परक दी जाने वाली शिक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डॉ. के एन मोदी फाउंडेशन के अंतर्गत आने वाले सभी संस्थानों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल तथा आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को विश्वस्तरीय शिक्षा देना तथा महिला सशक्तिकरण है। हमारा विशेष ध्यान हमेशा से उद्यमिता कौशल विकास पर रहा है। हमने गिन्नी मोदी पीजी कॉलेज में 2007 से छात्राओं के लिए इस प्रकार के कई कार्यक्रम प्रारंभ किए। इसी उद्देश्य से 2015 में   डॉ. के एन मोदी सेंटर फॉर स्किल डेवलपमेंट की स्थापना की गई, जहाँ 22 से अधिक जॉब रोल्स में प्रशिक्षण दी जाती है। अब तक 10,000 से अधिक छात्रों को ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रदान किया जा चुका है। इसके अलावा हमें यह बताते हुए भी खुशी है कि हम एनएसडीसी के ट्रेनिंग पार्टनर हैं।


26 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक

कार्यक्रम में सत्र 2024-25 में विभिन्न पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 26 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डॉ. राजकुमार सांगवान ने छात्रों को जमीन से जुड़े रहने तथा समाज एवं प्रकृति के लिए योगदान करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. मंजू सिवाच ने भी अपने संबोधन में मोदीनगर में दी जा रही विश्व स्तरीय शिक्षा, युवा विकास एवं खेलों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के विषय में बताया। अंत में मानव मोदी द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा उन्होंने जयंत चौधरी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में रेनू मोदी, मानव मोदी, निधि मोदी, नव्या मोदी एवं वेद्या मोदी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के वाईस प्रेजिडेंट कैप्टेन राजीव सक्सेना ने किया। कार्यक्रम में डॉ. शशि कुमार नायर, डॉ. संजय गुप्ता, यू. एन. मिश्रा, शहर की कई जानी-मानी हस्तियां, डॉ. के एन मोदी फाउंडेशन के अंतर्गत आने वाले सभी संस्थानों के कुलपति, डायरेक्टर, प्रिंसिपल, शिक्षक, रजिस्ट्रार तथा मीडिया पर्सन आदि उपस्थित रहे।

 

 

No comments:

Post a Comment