Friday, March 20, 2026

एचडीएफसी एएमसी ने वृंदावन के रामकृष्ण चैरिटेबल हॉस्पिटल में उन्नत रेडियोथेरेपी इकाई की स्थापना में की मदद

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। भारत के अग्रणी म्यूचुअल फंड हाउस, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड (एचडीएफसी एमएफ) की निवेश प्रबंधक, एचडीएफसीएसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (एचडीएफसी एएमसी) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक ज़िम्मेदारी (सीएसआर) पहल के तहत वृंदावन के रामकृष्ण चैरिटेबल हॉस्पिटल में नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक में एक रेडियोथेरेपी इकाई की स्थापना में मदद की। इससे पूरे उत्तर भारत के मरीज़ों के लिए कैंसर के उन्नत इलाज की सुलभता बढ़ेगी। इस नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन, आज, देश की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने किया। यह कैंसर की उन्नत देखभाल की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि है।

एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी, श्री नवनीत मुनोट ने इस पहल के बारे में कहा, "भारत में समावेशी विकास को आगे बढ़ाने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच अनिवार्य है। हमें वृंदावन के रामकृष्ण चैरिटेबल हॉस्पिटल में रेडियोथेरेपी से जुड़े उन्नत बुनियादी ढांचे के निर्माण में सहयोग करने का अवसर मिला। एचडीएफसी एएमसी का मानना ​​है कि विभिन्न संगठनों को लोगों की ज़िम्मेदारी के साथ सेवा कर राष्ट्र निर्माण में सार्थक भूमिका निभानी चाहिए। यह पहल कैंसर के बेहतर इलाज और परिवारों पर पड़ने वाले वित्तीय और भावनात्मक बोझ को कम करने में मदद करने के प्रति हमारी निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। हम माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के भी आभारी हैं कि उन्होंने उद्घाटन समारोह में उपस्थित होकर ऐसी महत्वपूर्ण पहल को प्रोत्साहित किया।"

 


एचडीएफसी एएमसी ने रेडियोथेरेपी से जुड़े उन्नत उपकरणों की खरीद और स्थापना में सहयोग दिया है, ताकि उच्च-सटीकता वाली रेडिएशन थेरेपी संभव हो सके। यह उपचार कैंसर कोशिकाओं पर केंद्रित होता है और आसपास के स्वस्थ ऊतकों को होने वाला नुकसान कम होता है। इस इकाई से मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के मरीज़ों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे उन लोगों के लिए कैंसर का इलाज सुलभ होगा, जिन्हें अत्यधिक लागत या उन्नत स्वास्थ्य देखभाल से जुड़ी बुनियादी ढांचे की सीमित उपलब्धता के कारण चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

 

 

2017 में स्थापित, रामकृष्ण चैरिटेबल हॉस्पिटल का ऑन्कोलॉजी विभाग कैंसर के इलाज के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरा है, जो पड़ोसी क्षेत्रों में 400 किमी के दायरे से आने वाले मरीज़ों को सेवा प्रदान करता है। यह विभाग कई तरह की उन्नत प्रक्रियाओं और इलाजों की पेशकश करता है, जिनमें कमांडो सर्जरी, रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी, व्हिपल प्रक्रियाएं, फ्री फ्लैप्स, वाइड एक्सिशन, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और हार्मोन थेरेपी शामिल हैं। इस विभाग ने अपनी शुरुआत से लेकर अब तक 45,000 से ज़्यादा आउटपेशेंट और 12,000 से ज़्यादा इनपेशेंट का इलाज किया है। इसमें उन ज़रूरतमंद मरीज़ों का पूरी तरह से निःशुल्क इलाज भी शामिल है जिन्हें गंभीर चिकित्सा सहायता की ज़रूरत थी।

 

यह अस्पताल अब नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक के ज़रिए अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रहा है। इस ब्लॉक में कई आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिनमें दो रेडियोथेरेपी बंकर, एक ब्रैकीथेरेपी बंकर, एक सीटी सिम्युलेटर, ओपीडी कमरे, एक डे-केयर यूनिट, ट्यूमर बोर्ड सुविधाएं, नर्स स्टेशन, कॉन्फ्रेंस रूम और कैंसर के संपूर्ण इलाज में मदद करने के लिए तैयार किया गया अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचा शामिल है।

 

एचडीएफसी एएमसी, रेडियोथेरेपी यूनिट की स्थापना में मदद कर, ऑन्कोलॉजी के आवश्यक बुनियादी ढांचे को मज़बूत बनाने और पूरे उत्तर भारत के मरीज़ों को कैंसर का आधुनिक इलाज मुहैया कराने में मदद कर रही है। यह पहल स्वास्थ्य सेवा संबंधी ऐसे बुनियादी ढांचे को सहयोग प्रदान करने के प्रति संगठन की निरंतर कोशिश की प्रतीक है, जिसका लोगों पर सार्थक और स्थायी असर होता है।

No comments:

Post a Comment