Monday, March 30, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीगः मेरठ कैंट कमांडोज् ने शानदार जीत के साथ फाइनल में किया प्रवेश



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर सोमवार को पहला मैच दोपहर दो बजे से पहला क्वालिफायर मैच मेरठ कैंट कमांडोज और बीबीसी एलीट के बीच खेला गया। बीबीसी एलीट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 145 रन बनाए। मेरठ कैंट कमांडोज् ने 18.3 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर छह विकेट से मैच जीत लिया। इस शानदार जीत के साथ मेरठ कैंट कमांडोज्, आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग के फाइनल में प्रवेश करने वाली पहली टीम बन गयी।

मेरठ कैंट कमांडोज् ने टॉस जीतकर पहले फिल्डिंग करने का निर्णय लिया। बीबीसी एलिट के सलामी बल्लेबाज ईशु शर्मा और अर्जुन त्यागी ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 43 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अर्जुन त्यागी एक बड़ा शॉट मारने के प्रयास में प्रिंस यादव की गेंद पर यशु प्रधान के हाथों कैच आउट हो गए। अर्जुन त्यागी ने 2 चौके-2 छक्के के साथ 11 गेंद पर 22 रन बनाए। टीम के स्कोर पर बिना किसी इजाफे के एक और झटका लगा जब राघव चोपड़ा पहली ही गेंद पर बिना कोई कोई रन बनाए यशु प्रधान के हाथों रनआउट हो गए। एक छोर संभाले हुए सलामी बल्लेबाज ईशु शर्मा पृथ्वीराज सिंह चौहान की गेंद पर प्रिंस यादव को कैच दे बैठै। ईशु शर्मा ने 3 चौके-2 छक्के के साथ 41 गेंद पर 34 रन बनाए। दिव्यांश राजपूत 14 रन पर खेल रहे थे की अक्षु बाजवा ने उन्हें कॉट एंड बॉल आउट कर दिया।

 मेरठ कैंट कमांडोज् के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी कर बीबीसी एलीट के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। 14.4 ओवर में टीम का स्कोर 103 रन हुआ था की लक्ष्य राठी भी धैर्य खो बैैठे और 22 रन बनाकर अंकुर चौहान की गेंद पर वर्दित को कैच पकड़ा बैठे। देशदीपक चौहान और उज्जवल गर्ग ने महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम स्कोर को आगे बढ़ाया। लेकिन 3 चौके-1 छक्के के साथ 16 गेंद पर 23 रन बनाकर देश दीपक चौहान गेंदबाज प्रिंस यादव की गेंद पर अंकुर शर्मा के हाथों कैच आउट हो गए। उज्जवल गर्ग भी ज्यादा देर विकेट पर नहीं रूक पाए और 15 रन बनाकर पृथ्वीराज सिंह चौहान का शिकार बने जब विकेटकीपर हितेश ने उनका शानदार कैच पकड़ लिया। 139 रन पर सात विकेट गंवाने वाली बीबीसी एलीट ने 140 रन पर ही दो विकेट गंवा दिए। पहले जयर्वधन नैन बिना कोई रन बनाए पृथ्वीराज सिंह चौहान की गेंद पर संदीप कुमार को कैच दे बैठे। सुनील कुमार एक रन ही बना पाए थे की अक्षु बाजवा की गेंद पर हितेश ने उनका कैच पकड़ लिया। बीबीसी एलीट का अंतिम विकेट अजय भारद्वाज के रूप में गिर गया। अजय भारद्वाज (1 रन) रन आउट हो गए। ज्ञानेश शर्मा दो रन बनाकर नाबाद लौटे। बीबीसी एलीट निर्धारित 20 ओवर में 145 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मेरट कैंट कमांडोज् के गेंदबाज प्रिंस यादव ने तीन, पृथ्वीराज सिंह चौहान ने तीन, अक्षु बाजवा और अंकुर चौहान ने एक-एक विकेट लिया। 

146 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरट कैंट कमांडोज् की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उनके स्टॉर बल्लेबाज वर्दित छोकर बिना कोई रन बनाए सुनील कुमार की एक गेंद को समझने में चूक गए और बॉल ने उनकी गिल्लियां बिखेर दीं। दूसरे सलामी बल्लेबाज यशु प्रधान का किस्मत ने पूरा साथ दिया और उन्होंने भी मिले जीवनदानों का भरपूर लाभ उठाते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की। हितेश ने भी उनका साथ निभाते हुए टीम का स्कोर तेजी से आगे बढ़ाना जारी रखा। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी हुई थी की यशु प्रधान गेंदबाज हर्षवर्धन की गेंद को हवा में उछाल बैठे और लक्ष्य राठी ने उनका महत्वपूर्ण कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। यशु प्रधान ने 3 चौके-2 छक्के के साथ 38 गेंद पर 41 रन बनाए। तीसरे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी हुई थी की हितेश एक बड़ा शॉट मारने के प्रयास में जयवर्धन की गेंद पर बाउंड्री पर खड़े अर्जुन त्यागी को कैच दे बैठै। लेकिन कप्तान संदीप तोमर और प्रिंस यादव ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए बीबीसी एलीट के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। 

जीत के लिए मेरठ कैंट कमांडोज् को अंतिम 30 गेंद पर 37 रन चाहिए थे और सात विकेट उनके हाथ में थे। लेकिन दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को आसान बना दिया। कप्तान संदीप तोमर एक चौके-पांच छक्के के साथ 26 गेंद पर 45 रन बनाकर आउट हुए तो जीत कुछ कदम ही दूर थी। दूसरे छोर पर खड़े प्रिंस यादव ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई और मेरठ कैंट कमांडोज् को छह विकेट से शानदार जीत दिला दी। प्रिंस यादव 2 चौके-4 छक्के के साथ 14 गेंद पर 35 रन बनाकर नॉटआउट रहे। वहीं अक्षु बाजवा तीन रन बनाकर नाबाद लौटे। मेरठ कैंट कमांडोज् ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 149 रन बनाकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

बीबीसी एलीट के पास अब भी फाइनल मैच खेलने का एक मौका और इस जीत के साथ मेरठ कैंट कमांडोज ने एक अप्रैल को होने वाले फाइनल में प्रवेश कर लिया। हालांकि बीबीसी एलीट के पास अब भी फाइनल मैच खेलने का एक मौका और है। सोमवार शाम को व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर और शुभम स्मैशर्स माल रोड के बीच होने वाले एलिमिनेटर मैच को जीतने वाली टीम के साथ बीबीसी एलीट को दूसरा क्वालिफायर मैच खेलने का मौका मिलेगा। मंगलवार शाम को होने वाले दूसरे क्वालिफायर मैच को जीतकर बीबीसी एलीट फाइनल में प्रवेश कर सकती है।


इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड

मैन ऑफ द मैच - प्रिंस यादव, मेरठ कैंट कमांडोज

फाइटर ऑफ द मैच - दिव्यांश राजपूत, बीबीसी एलीट

मोस्ट इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - अर्जुन त्यागी, बीबीसी एलीट गंगानगर

बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच - प्रिंस यादव, मेरठ कैंट कमांडोज्

बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - यशु प्रधान, मेरठ कैंट कमांडोज्

मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- सदीप तोमर, मेरठ कैंट कमांडोज्



No comments:

Post a Comment