Monday, March 16, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीगः अश्विन की शानदार गेंदबाजी से शुभम स्मैशर्स विजयी


-पांच विकेट लेने वाले अश्विन गुर्जर बने मैन ऑफ द मैच

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में सोमवार को शुभम स्मैशर्स और साकेत रॉयल चैंप्स के बीच दिन का पहला मुकाबला खला गया। 

साकेत रॉयल चैंप्स के कप्तान समीर चौधरी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। शुभम स्मैशर्स के कप्तान प्रियम गर्ग ने काव्य तेवतिया के साथ पारी की शुरुआत की। मैच के पहले ही ओवर में यश पंवार की गेंद पर शानदार चौका मारकर प्रियम गर्ग ने अपने इरादे जाहिर कर दिए। मगर इसी ओवर की आखिरी गेंद पर शॉट मारने गए प्रियम ने गेंद हवा में उछाल दी मगर फील्डर कैच पकड़ने में नाकामयाब रहे। इस जीवनदान के बाद प्रियम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करनी शुरू कर दी और दूसरा ओवर फेंक रहे कार्तिकेय की गेंद पर मिड विकेट पर शानदार चौका मार दिया।  यश पंवार के दूसरे ओवर में प्रियम गर्ग ने लगातार चार चौके मार दिए वही आखिरी गेंद पर मिले बाई के चौके के साथ कुल 20 रन इस ओवर में आए। पांचवां ओवर फेंक रहे कार्तिकेय के ओवर में प्रियम और काव्य ने एक-एक छक्का मार दिया। 

साकेत रॉयल चैंप्स के कप्तान समीर चौधरी ने इस जमती हुई जोड़ी को तोड़ने के लिए बाएं हाथ के स्पिनर कार्तिक के हाथ में गेंद थमाई जो उनका सही निर्णय साबित हुआ। कार्तिक की एक ललचाती गेंद पर प्रियम ने आगे बढ़कर शॉट मारा लेकिन बाउंड्री पर कार्तिकेय ने उल्टा भागते हुए एक अविश्वसनीय कैच पकड़ कर प्रियम की पारी का अंत कर दिया। प्रियम गर्ग ने 23 गेंद पर 62 रन बनाए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए मानव सिद्धू को समीर चौधरी की गेंद पर हरदीप सिंह ने स्टंप आउट कर दिया। मानव सिद्धू ने 16 गेंद पर 15 रन बनाए। 

काव्य तेवतिया और बादल सिंह बालियान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और टीम का स्कोर तेजी से आगे बढ़ाते रहे। काव्य तेवतिया 41 गेंद पर 59 रन बना कर यश पंवार की गेंद पर आदित्य के हाथों कैच आउट हुए मगर तब तक उनकी टीम एक बड़ा स्कोर खड़ा कर चुकी थी। बादल सिंह बालियान ने तीखे तेवर दिखाते हुए 28 गेंद पर नाबाद 57 रन बनाए। वहीं सक्षम राय ने 6 गेंद पर 12 रन बनाए। बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से शुभम स्मैशर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। साकेत रॉयल चैंप्स के समीर चौधरी, कार्तिक, कार्तिकेय और यश पंवार ने एक एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी साकेत रॉयल चैंप्स के सलामी बल्लेबाज तुषार तेवतिया और हरदीप सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों मैदान के बाहर पहुंचना शुरू कर दिया। शानदार लय में दिख रहे हरदीप सिंह जिन्होंने मात्र 12 गेंद पर 31 रन बना दिए थे, उन्हें तन्मय चौधरी ने काव्य तेवतिया के हाथों कैच आउट करवा कर साकेत रॉयल चैंप्स को बड़ा झटका दे दिया। उसके बाद तुषार तेवतिया भी खुद पर काबू नहीं रख पाए और 23 गेंद पर 32 रन बना कर आउट हो गए। तुषार को तन्मय चौधरी ने शिवेन त्यागी के हाथ कैच आउट कराया। इसके बाद बादल सिंह बालियान भी 5 गेंद पर तीन रन बना कर अर्णव सोम के द्वारा रन आउट कर दिए गए। अनमोल सचदेवा को शुभम चौधरी ने शून्य पर प्रियम गर्ग के हाथों कैच आउट करवा दिया। 

88 रन पर चार विकेट खोकर साकेत रॉयल चैंप्स पर हार के बदल मंडराने लगे। एक छोर से एकतरफा मुकाबला कर रहे कप्तान समीर चौधरी का बाउंड्री पर शानदार कैच काव्य ने पकड़ कर जीत सुनिश्चित कर दी। समीर चौधरी 26 गेंद पर 45 रन बना कर अश्विन मावी का शिकार बने। अधिराज सिंह को अश्विन गुर्जर ने क्लीन बोल्ड कर दिया जिन्होंने 13 गेंद पर 16 रन बनाए। शिवेन भी सक्षम रॉय की घूमती गेंद को समझ नहीं पाए और विकेट कीपर बादल सिंह बालियान ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। शिवेन 3 गेंद पर 2 रन ही बना पाए।

इसके बाद तेज गेंदबाज अश्विन मावी ने कहर बरपाते हुए मानी जिंदल और यश पंवार को क्लीन बोल्ड कर दिया और हैट्रिक कर दहलीज पर पहुंच गए। मगर कार्तिक ने हैट्रिक बाल को अपने शरीर पर झेल कर उन्हें निराश कर दिया। मगर इसी ओवर में अश्विन मावी की तेज गेंद पर कार्तिक स्लिप पर कैच दे बैठे जहां सक्षम रॉय ने उनका शानदार कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। मैन ऑफ द मैच बने अश्विन मावी ने मात्र 12 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। वहीं तन्मय ने 3 और सक्षम रॉय ने एक विकेट लिया। 

इन खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार
मैन ऑफ द मैच बने अश्विन मावी को आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता ने पुरस्कृत किया। फाइटर ऑफ द मैच हरदीप सिंह को तन्मय जी (रघुनंदन ज्वैलर्स) ने पुरस्कृत किया। इकनोमिकल बॉलर अश्विन मावी को उदित गौड़ (डायरेक्टर आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी), स्ट्राइकर ऑफ द मैच प्रियम गर्ग को ए.पी.सिंह (मैच ऑफिसर बीसीसीआई), बेस्ट फील्डर कार्तिकेय को सर्वेश भटनागर और मैक्सिमम सिक्सर बादल सिंह बालियान को सुरेन्द्र पाल सिंह (लीग सचिव) ने पुरस्कृत किया।

लीग में दिन का दूसरा मैच क्रिक गिरी चैंप्स और व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के बीच खेला जा रहा है। वहीं कल मंगलवार को पहला मैच दिन में 2 बजे बीबीसी एलाइट और मेरठ साउथ वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा। मंगलवार को दूसरा मैच शाम 6 बजे से मेरठ कैंट कमांडों और मेरठ सिविल लाइन हीरोज के बीच होगा। 

मैच का लाइव प्रसारण आईआईएमटी यूनिवर्सिटी मेरठ के यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है। जिसका लिंक https://www.youtube.com/@IIMTUNIVERSITYMEERUT है।

No comments:

Post a Comment