Tuesday, March 17, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में मेरठ कैंट कमांडोज ने जीता मैच


-मेरठ कैंट कमांडोंज के यशु प्रधान ने 79, हितेश कुमार ने नाबाद 60 रन बनाए

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चाधान में आयोजित हो रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में मंगलवार को दिन का दूसरा मैच मेरठ कैंट कमांडोंज और मेरठ सिविल लाइन हीरोज के बीच खेला गया। 

मेरठ कैंट कमांडोंज के कप्तान संदीप तोमर ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मेरठ कैंट कमांडों के सलामी बल्लेबाज हितेश कुमार और यशु प्रधान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पावर प्ले को पूरी तरह से टीम के नाम कर दिया। पहले विकेट के लिए 133 रन की पार्टनरशिप के बाद ग्यारहवें ओवर में यशु प्रधान गेंदबाज वंश विकल की गेंद पर अजय कुमार के हाथों कैच आउट हो गए। यशु प्रधान ने 7 छक्के और 4 चौकों की मदद से 35 गेंद पर 79 रन बनाए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए अक्षु बाजवा का भाग्य ने साथ नहीं दिया और वह पहली ही गेंद पर रनआउट हो गए। वंश विकल की गेंद पर रन लेने का प्रयास कर रहे अक्षु बाजवा को उज्जवल यादव ने रन आउट कर दिया। नंबर चार पर आए प्रिंस यादव (3 रन) भी ज्यादा देर विकेट पर नहीं टिक पाए और यश गर्ग की गेंद पर उज्जवल यादव को कैच दे बैठे। सलामी बल्लेबाज हितेश कुमार एक छोर से संघर्ष करते रहे मगर 149 रन के स्कोर पर संदीप तोमर और वर्दित को वंश विकल ने लगातार दो गेंद पर आउट कर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। राहुल भी संघर्ष नहीं कर पाए और 5 रन बना कर वंश विकल की गेंद पर एलबीडब्लू आउट हो गए। मेरठ सिविल लाइन हीरोज के गेंदबाज वंश विकल की शानदार गेंदबाजी के चलते शुरूआत में बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही मेरठ कैंट कमांडों की टीम 17वें ओवर में 159 के स्कोर पर छठा विकेट खोकर संकट में दिखने लगी। लेकिन आठवें नंबर पर आए वंश और सलामी बल्लेबाज हितेश कुमार ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर आगे बढ़ाना जारी रखा और निर्धारित 20 ओवर में टीम का स्कोर 6 विकेट खोकर 200 रन तक पहुंचा दिया। हितेश कुमार ने 50 गेंद पर 6 चौकों के साथ नाबाद 60 रन बनाए। वहीं वंश ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 4 चौके और 2 छक्के मारते हुए 17 गेंद पर 33 रन बना डाले। मेरठ सिविल लाइन हीरोज के गेंदबाज वंश विकल ने 23 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। यश को एक विकेट मिला।

201 रन का विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ सिविल लाइन हीरोज के सलामी बल्लेबाज उज्जवल यादव ने धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों की पेशानी पर बल ला दिए। दूसरे ओपनिंग बैट्समैन अमोघ सिरोही ने भी गियर बदला और शॉट लगाने शुरू कर दिए। चार ओवर में 53 रन बनाकर मेरठ सिविल लाइन हीरोज ने शानदार शुरूआत की। आठवें ओवर की पहली गेंद पर अमोघ सिरोही को वर्दित कुमार ने एक फ्लाइटेड गेंद पर फंसा लिया और वर्दित का कैच प्रिंस यादव ने बाउंड्री पर पकड़ लिया। अमोघ सिरोही ने 22 गेंद पर चार चौकों के साथ 29 रन बनाए। इसके बाद लीग ऑक्शन में सबसे महंगे बिके और टीम के कप्तान रितुराज शर्मा मैदान पर उतरे। वर्दित कुमार की गेंद पर सलामी बल्लेबाज उज्जवल यादव बड़ा शॉट मारने के प्रयास में यशु प्रधान को बाउंड्री पर कैच थमा बैठे। उज्जवल यादव ने 2 छक्के और 6 चौके मारते हुए 33 गेंदों पर 50 रन बनाए। 10वें ओवर में 96 रन पर टीम का दूसरा विकेट गिरने के बाद ओशो मोहन नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरे।
मेरठ सिविल लाइन हीरोज को 12वें ओवर में 101 रन के स्कोर पर बड़ा झटका लगा जब स्टॉर बल्लेबाज रितुराज शर्मा को पृथ्वीराज सिंह चौहान ने एक लहराती गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। रितुराज शर्मा 10 गेंद पर 14 रन ही बना सके। 5वें नंबर पर यश गर्ग टीम को सहारा देने के लिए मैदान पर आए। मगर 118 रन के टीम स्कोर पर 14वें ओवर की पहली गेंद पर ओशो मोहन (4 रन) धैर्य खो बैठे और पृथ्वीराज सिंह चौहान की गेंद पर अक्षु बाजवा को कैच दे बैठे। यश गर्ग लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षु बाजवा की गेंद की लाइन को समझने में नाकामयाब रहे और 15 रन बनाकर एलबीडब्लू आउट हो गए। 128 रन पर पांच विकेट खोकर मेरठ सिविल लाइन हीरोज संकट में दिखाई देने लगी तभी नंबर छह पर आए अर्पित छह रन बनाकर प्रिंस यादव की गेंद पर अक्षु बाजवा के हाथों कैच आउट हो गए। वहीं तुषार सिर्फ 3 रन बनाकर लक्की सैनी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। 18वें ओवर में वंश 6 रन बनाकर पृथ्वीराज सिंह चौहान का शिकार बने। अगली ही गेंद पर अजय कुमार (शून्य) को पृथ्वीराज सिंह चौहान ने रन आउट कर दिया। यश कुमार को शून्य पर कॉट एंड बॉल कर पृथ्वीराज सिंह चौहान ने मेरठ कैंट कमांडोंज को 55 रन से जीत दिला दी। मेरठ सिविल लाइन हीरोज 145 रन पर ऑल आउट हो गयी।

मेरठ कैंट कमांडोंज के गेंदबाज पृथ्वीराज सिंह चौहान ने चार, वर्दित कुमार ने दो, लक्की सैनी, अक्षु बाजवा और प्रिंस सैनी ने एक-एक विकेट लिया। आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ0 मयंक अग्रवाल ने मैन ऑफ द मैच बने याशु प्रधान (मेरठ कैंट कमांडोंज) को पुरस्कृत किया।
  
*इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड*
मैन ऑफ द मैच - यशु प्रधान (मेरठ कैंट कमांडोंज)
मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- यशु प्रधान (मेरठ कैंट कमांडोंज)
बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - वंश विकल (मेरठ सिविल लाइन हीरोज)
इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - अक्षु बाजवा (मेरठ कैंट कमांडोंज)
बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच - यशु प्रधान (मेरठ कैंट कमांडोंज)
फाइटर ऑफ द मैच - वंश विकल (मेरठ सिविल लाइन हीरोज)

बुधवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे से क्रिक गिरी चैंप्स और साकेत रॉयल चैंप्स के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच शाम छह बजे से व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर और मेरठ साउथ वॉरियर्स के बीच होगा। 

मैच का लाइव प्रसारण आईआईएमटी यूनिवर्सिटी मेरठ के यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है। जिसका लिंक https://www.youtube.com/@IIMTUNIVERSITYMEERUT है।

No comments:

Post a Comment