Tuesday, March 24, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीगः बीबीसी एलीट नेे 5 विकेट से जीता मैच


- मैन ऑफ द मैच अर्जुन त्यागी ने 33 गेंद पर 49 रन बनाए, एक विकेट लिया

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर मंगलवार को लीग का दूसरा मैच शाम छह बजे से मेरठ सिविल लाइन हीरोज और बीबीसी एलीट के बीच खेला गया। 

मेरठ सिविल लाइन हीरोज ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बीबीसी एलीट के सलामी बल्लेबाज अमोघ सिरोही और उज्जवल यादव ने संभलकर खेलते हुए स्कोर आगे बढ़ाया। उज्जवल यादव लंबी पारी खेलने में नाकाम रहे और 12 रन बनाकर ज्ञानेश शर्मा की गेंद पर अर्जुन त्यागी को कैच दे बैठे। अमोघ सिरोही भी 16 रन ही बना पाए और हर्षवर्धन ने उन्हें रन आउट कर दिया। वंश विकल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर आगे बढ़ाया लेकिन अर्जुन त्यागी की गेंद पर दिव्यांश राजपूत ने उनका कैच पकड़ लिया। वंश विकल ने 6 चौके और 2 छक्कों के साथ 20 गेंद पर 40 रन बनाए।

कप्तान रितुराज शर्मा आज फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 7 रन बनाकर जयवर्धन नैन की गेंद पर दिव्यांश राजपूत के हाथों कैच आउट हो गए। अर्णव त्यागी (9 रन) राघव चोपड़ा का शिकार बने और ईशु शर्मा ने उनका कैच लपक लिया। 12.1 ओवर में 89 रन पर 5 विकेट गंवा कर मेरठ सिविल लाइन हीरोज संकट में थी। अर्पित मलिक और तुषार त्यागी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। तुषार त्यागी ने राघव चोपड़ा की पहली दो गेंद पर लगातार दो छक्के मारकर जज्बा दिखाया लेकिन तीसरी ही गेंद उनके पैड पर जा लगी और उनके खिलाफ एलबीडब्लू की अपील पर मैदानी अंपायर ने आउट दे दिया। तुषार त्यागी ने डीआरएस लिया और थर्ड अंपायर ने उन्हें नॉटआउट करार दिया। राघव चोपड़ा के इसी ओवर की पांचवी गेंद पर अर्पित मलिक (17 रन) सामने गेंद उछाल बैठे और देश दीपक चौहान ने उनका शानदार कैच पकड़ कर साझेदारी का अंत कर दिया। ओशा मोहन ने आतिशी शॉट लगाकर जज्बा दिखाया। लेकिन हर्षवर्धन की एक शानदार गेंद ने ओशो मोहन (11 रन) का मिडिल स्टंप उखाड़ दिया। 

आठवें नंबर पर यश गर्ग (9 रन) बल्लेबाजी करने आए मगर वह ज्ञानेश शर्मा की गेंद पर लक्ष्य राठी को कैच दे बैठे। तुषार त्यागी ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 1 चौके-2 छक्कों के साथ 23 गेंद पर 34 रन बनाए मगर आखिर में वह रनआउट हो गए। यश राणा एक रन बनाकर नॉट आउट रहे। 
इस प्रकार मेरठ सिविल लाइन हीरोज ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 161 रन बनाए। बीबीसी एलीट की ओर से ज्ञानेश शर्मा ने 2, राघव चोपड़ा ने 2, हर्षवर्धन, अर्जुन त्यागी और जयवर्धन ने एक-एक विकेट लिया।

162 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए बीबीसी एलीट के सलामी बल्लेबाज लक्ष्य राठी और ईशु शर्मा ने टीम को तेज शुरूआत दिलाई। मगर फार्म में नजर आ रहे लक्ष्य राठी (19 रन) यश राणा की गेंद को बाहर पहुंचाने के प्रयास में डीप प्वाईंट पर खड़े यश गर्ग को कैच दे बैठे। अर्णव त्यागी की एक तेज गेंद ईशु शर्मा (9 रन) के पैड से जा टकराई और मेरठ सिविल लाइन हीरोज के डीआरएस मांगने पर थर्ड अंपायर ने उन्हे एलबीडब्लू आउट करार दिया। 

राघव चोपड़ा ने स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाना शुरू किया मगर वंश विकल की एक घुमती हुई गेंद को समझने में नाकाम रहे और गेंद ने उनकी गिल्लियां उखाड़ दी। राघव चोपड़ा ने 2 चौके-2 छक्के के साथ 16 गेंद पर 27 रन बनाए। कप्तान दिव्यांश राजपूत (13) रन को यश गर्ग ने एक शानदार गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। 

14वें ओवर में अर्जुन त्यागी ने वंश विकल के ओवर में दो चौके और 2 छक्के मैच को अपने पाले में खींच लिया। अब बीबीसी एलीट को जीत के लिए 36 गेंद पर 47 रन की आवश्यकता थी। मगर महत्वपूर्ण मौके पर दूसरा रन लेने के प्रयास में अर्जुन त्यागी रन आउट हो गए जब दूसरे छोर पर खडे़ बल्लेबाज रन के लिए नहीं भागे और दोनों ही बल्लेबाज एक ही छोर पर खडे़ हो गए। अर्जुन त्यागी अर्धशतक बनाने से चूके और 5 चौके और 2 छक्के के साथ 33 गेंद पर 49 रन बनाए। लेकिन उज्जवल ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए उम्मीद जगाई रखी। 

अब अंतिम 18 गेंद पर 20 रन चाहिए थे। देश दीपक ने छक्का मारकर लक्ष्य आसान कर दिया। अब 12 गेंद पर 11 रन जीत के लिए चाहिए थे। और देश दीपक चौहान ने वंश विकल की गेंद पर आगे बढ़कर छक्का मार दिया। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का मारकर देश दीपक चौहान ने बीबीसी एलीट को 5 विकेट से जीत दिला दी। देश दीपक चौहान ने शानदार 3 छक्कों के साथ 13 गेंद पर नाबाद 21 रन बनाए। उज्जवल गर्ग ने 1 चौका-1 छक्का मारते हुए 15 गेंद पर नाबाद 19 रन बनाए। बीबीसी एलीट ने 19 ओवर में पांच विकेट खोकर 163 रन बनाए।

मेरठ सिविल लाइन हीरोज के गेंदबाज यश गर्ग, यश राणा, अर्णव त्यागी, वंश विकल ने एक-एक विकेट लिया।
अभिषेक तिवारी एडिशनल एसपी को आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग के चेयरमैन डॉ0 मयंक अग्रवाल ने सम्मानित किया।
 
*इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड*
मैन ऑफ द मैच - अर्जुन त्यागी, बीबीसी एलीट
फाइटर ऑफ द मैच - देश दीपक चौहान, बीबीसी एलीट
मोस्ट इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - यश गर्ग, मेरठ सिविल लाइन हीरोज
बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच - वंश विकल, मेरठ सिविल लाइन हीरोज 
बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - दिव्यांश राजपूत, बीबीसी एलीट
मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- देश दीपक चौहान, बीबीसी एलीट

बुधवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे से साकेत रॉयल चैंप्स और व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच शाम छह बजे से क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा और बीबीसी एलीट के बीच होगा। मैच का लाइव प्रसारण आईआईएमटी मेरठ के यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है। जिसका लिंक https://www.youtube.com/@IIMTUNIVERSITYMEERUT है।

No comments:

Post a Comment