Monday, March 23, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीगः साकेत रॉयल चैंप्स ने 3 विकेट से जीता मैच



नित्य संदेश ब्यूरो


मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चाधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर सोमवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे से साकेत रॉयल चैंप्स और बीबीसी एलीट के बीच खेला गया। टॉस जीतकर साकेत रॉयल चैंप्स ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। बीबीसी एलीट की शुरूआत अच्छी नहीं रही और टीम के स्टार बल्लेबाज ईशु शर्मा मात्र एक रन बनाकर कार्तिकेय की गेंद पर यश पंवार को कैच दे बैठे। 24 रन के स्कोर पर टीम को दूसरा झटका लगा और लक्ष्य राठी 12 रन बनाकर आउट हो गए।

लक्ष्य को शुभम मावी ने कार्तिकेय के हाथों कैच आउट कराया। 5वें ओवर में 39 के स्कोर पर टीम का तीसरा विकेट गिर गया जब राघव चोपड़ा (16 रन) शुभम मावी की गेंद पर कार्तिकेय के हाथ में कैच थमा बैठे। इसके बाद कप्तान दिव्यांश राजपूत और अर्जुन त्यागी ने पारी को संभालते हुए स्कोर को आगे बढ़ाना शुरू किया। 10 ओवर में बीबीसी एलीट ने 3 विकेट खोकर 76 रन बना लिए। अच्छी लय में नजर आ रहे कप्तान दिव्यांश राजपूत अश्वनी सैनी की एक गेंद पर धैय बरकरार नहीं रख पाए और मनी जिंदल ने उनका कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। दिव्यांश राजपूत ने चार चौके और एक छक्के के साथ 27 गेंद पर 35 रन बनाए। देश दीपक चौहान (5 रन) ज्यादा देर विकेट पर नहीं टिक पाए और कार्तिकेय की गेंद पर बादल चौधरी ने उनका यादगार कैच पकड़ लिया। यश पंवार की एक तेज गेंद को समझने में अजय भारद्वाज (10 रन) चूक गए और बॉल ने उनकी गिल्लियां उखाड़ दी। 16 ओवर में 121 रन बनाने में बीबीसी एलीट ने 6 विकेट गंवा दिए। वासिल सरताज भी 7 रन बनाकर यश पंवार की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। सुनील कुमार (1 रन) बनाकर शुभम मावी की गेंद पर उवेश खान के हाथों कैच आउट हो गए। वहीं ज्ञानेश शर्मा बिना कोई रन बनाए रन आउट हो गए। 

बीबीसी एलीट ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 150 रन बनाए। अर्जुन त्यागी ने 5 चौके और 3 छक्कों के साथ 46 गेंद पर नाबाद 57 रन बनाए। हर्षवर्धन बिना कोई रन बनाए नॉट आउट लौटे। साकेत रॉयल चैंप्स के गेंदबाज शुभम मावी ने 3, कार्तिकेय ने 2, यश पंवार ने 2 और अश्वनी सैनी ने 1 विकेट लिया। 151 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए साकेत रॉयल चैंप्स के सलामी बल्लेबाज उवैश खान और हरदीप सिंह पिच पर उतरे। मगर दूसरे ओवर की दूसरी ही गेंद पर सामने शॉट मारने के प्रयास में हरदीप सिंह (7 रन) ज्ञानेश शर्मा की गेंद पर अर्जुन त्यागी को कैच दे बैठे। नंबर तीन पर कप्तान समीर चौधरी आए लेकिन टीम को अपेक्षित सहारा नहीं दे पाए। समीर चौधरी 10 रन बनाकर हर्षवर्धन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। शानदार बल्लेबाजी कर रहे उवैश खान की विकेट उखाड़कर हर्षवर्धन ने अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। उवैश खान ने 3 चौके-3 छक्के मारते हुए 21 गेंद पर 37 रन बनाए। बादल चौधरी (18 रन) दुर्भाग्यशाली रहे और अर्जुन की गेंद पर तुषार त्यागी द्वारा मारा गया शॉट गेंदबाज के हाथों को छूते हुए नानस्ट्राकर एंड पर विकेट से टकरा गयी और थर्ड अंपायर ने बादल चौधरी को रन आउट करार दिया। 10वें ओवर में 78 रन के स्कोर पर साकेत रॉयल चैंप्स ने चौथा विकेट खो दिया।

तुषार त्यागी और अधिराज सिंह ने संभलकर खेलना शुरू किया। कम स्कोर के बावजूद बीबीसी एलीट के गेंदबाज और क्षेत्ररक्षकों ने दबाव बनाए रखने का प्रयास जारी रखा। लेकिन सुनील कुमार की उठती गेंद पर शॉट मारने के प्रयास में तुषार त्यागी गेंद हवा में उछाल बैठे और सुनील कुमार ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ लिया। तुषार त्यागी ने 35 गेंद पर 25 रन बनाए। साकेत रॉयल चैंप्स को जीत के लिए अंतिम 18 गेंद पर 33 रन चाहिए थे और उनके पांच विकेट गिर चुके थे। कप्तान ने जताते हुए भरोसा ज्ञानेश शर्मा को 18वं ओवर दिया। ज्ञानेश शर्मा को पहली ही गेंद पर सफलता मिल गयी जब इंपैक्ट प्लेयर अधिराज सिंह (16 रन) राघव चोपड़ा को कैच दे बैठे। मनी जिंदल ने आतिशी शॉट लगाकर टीम की उम्मीद जगाई और सुनील कुमार की दो गेंद पर लगातार दो छक्के जड़ दिए। मगर सुनील कुमार की अगली ही गेंद पर मनी जिंदल शॉट हवा में उछाल बैठे और वासिल सरताज ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। मनी जिंदल ने दो चौके और दो छक्के मारते हुए सात गेंद पर 21 महत्वपूर्ण रन बनाए। इसी ओवर की आखरी गेंद पर यश का कैच छूट गया।

अंतिम 6 गेंद पर जीत के लिए 7 रन चाहिए थे और दोनों ही एंड पर मौजूद यश अपनी टीम को यशस्वी बनाने के लिए खड़े थे। कप्तान दिव्यांश राजपूत की पहली ही गेंद पर यश पंवार ने छक्का मार कर स्कोर बराबर कर दिया। दूसरी गेंद पर यश पंवार का कैच छूटा और गेंद सीमारेखा से बाहर चली गयी। इसी के साथ साकेत रॉयल चैंप्स ने 19.2 ओवर में 7 विकेट खोकर 154 रन बनाकर 3 विकेट से मैच जीत लिया। यश पंवार ने 3 गेंद पर एक चौका-एक छक्का मारते हुए नाबाद 11 रन बनाए। वहीं यश कुमार 6 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।
 
*इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड*
मैन ऑफ द मैच - मनी जिंदल (साकेत रॉयल चैंप्स)
फाइटर ऑफ द मैच - अर्जुन त्यागी (बीबीसी एलीट)
मोस्ट इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - हर्षवर्धन (बीबीसी एलीट)
बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच - उवैश खान (साकेत रॉयल चैंप्स)
बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - बादल चौधरी (साकेत रॉयल चैंप्स)
मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- उवैश खान (साकेत रॉयल चैंप्स)

सोमवार को लीग दूसरा मैच शाम छह बजे से व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर और शुभम स्मैशर्स के बीच होगा।

मंगलवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे क्रिक गिरी चैंप्स और मेरठ कैंट कमांडोज् के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच शाम छह बजे से मेरठ सिविल लाइन हीरोज और बीबीसी एलीट के बीच होगा। मैच का लाइव प्रसारण आईआईएमटी मेरठ के यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है। जिसका लिंक https://www.youtube.com/@IIMTUNIVERSITYMEERUT है।

No comments:

Post a Comment