Sunday, March 29, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीगः मेरठ कैंट कमांडोज् ने 14 रन से हासिल की जीत



- मेरठ कैंट कमांडोज् ने जीत के साथ प्वाईंट टेबल में दूसरे नंबर पर आकर क्वालिफायर मैच खेलना किया सुनिश्चित
- मेरठ कैंट कमांडोज ने 159 रन बनाए, साकेत रॉयल चैंप्स 145 रन ही बना सकी

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर रविवार को शाम छह बजे से मेरठ कैंट कमांडोज् और साकेत रॉयल चैंप्स के बीच मैच खेला गया। 

साकेत रॉयल चैंप्स ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। मेरठ कैंट कमांडोज् के सलामी बल्लेबाज वर्दित छोकर और यशु प्रधान ने टीम को तेज शुरूआत दिलाने का प्रयास किया। मगर साकेत रॉयल चैंप्स ने भी कसी हुई गेंदबाजी कर मेरठ कैंट कमांडोज् को पावरप्ले में बड़ी बढ़त लेने से रोके रखा। 5.2 ओवर तक टीम का स्कोर 39 रन ही हुआ था की मेरठ कैंट कमांडोज् को पहला झटका जब कार्तिकेय की गेंद पर कप्तान समीर चौधरी ने एक शानदार कैच पकड़ कर वर्दित छोकर की पारी का अंत कर दिया। वर्दित छोकर ने चार चौके-एक छक्के सहित 20 गेंद पर 27 रन बनाए। नंबर तीन पर आए हितेश कुमार (1 रन) तेज गति से रन चुराने के प्रयास में थे की यश पंवार की सीधी थ्रो पर वह रन आउट हो गए। 7.1 ओवर में 49 के स्कोर पर दो महत्वपूर्ण विकेट खोकर मेरठ कैंट कमांडोज् संकट में थी। क्रीज पर सलामी बल्लेबाज यशु प्रधान जिम्मेदारी से टिके हुए थे। लेकिन नंबर चार पर बल्लेबाजी करने आए प्रिंस यादव भी मात्र 2 रन बनाकर यश पंवार की ऊंची उठती गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में गेंद हवा में खड़ी कर बैठे और विकेटकीपर हरदीप सिंह ने उनका कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। 

मेरठ कैंट कमांडोज् ने पहले 10 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 70 रन बना लिए। अब टीम की उम्मीद सैटल हो चुके बल्लेबाज यशु प्रधान पर टिकी हुई थी जो गौरव यादव के साथ टीम का स्कोर आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे थे। 11वें ओवर में मेरठ कैंट कमांडोज ने 17 रन बटोर कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। 13वां ओवर फेंक रहे शुभम मावी की एक गेंद पर यशु प्रधान चूके और बॉल सीधा उनकी छाती से जा टकराई। चोटिल होने के बाद भी विकेट पर रूकने वाले यशु प्रधान की एकाग्रता भंग हो गयी और वह अगली ही गेंद पर रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गए। गेंदबाज शुभम मावी ने खुद गेंद पकड़ कर सीधा विकेट में दे मारी और मेरठ कैंट कमांडोज् का महत्वपूर्ण विकेट गिरा दिया। यशु प्रधान ने दो चौके-तीन छक्के के साथ 37 गेंद पर 45 रन बनाए। 
12.2 ओवर में 92 के स्कोर पर चौथा विकेट गिरने के बाद कप्तान संदीप तोमर पिच पर उतरे। मगर लय में दिख रहे गौरव यादव तेज गेंदबाज शुभम मावी की गेंद पर शिवेन मल्होत्रा को कैच दे बैठे। शुभम मावी की अगली ही गेंद पर अक्षु बाजवा बिना कोई रन बनाए विकेटकीपर हरदीप सिंह को कैच दे बैठे। कप्तान संदीप तोमर और राहुल के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी ने टीम स्कोर में इजाफा किया। 19वें ओवर में 153 के स्कोर पर मेरठ कैंट कमांडोज को लगातार दो झटके लगे। पहले शुभम मावी की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में इंपैक्ट बल्लेबाज राहुल ढाका गेंद को हवा में उछा कर उवैश खान को कैच दे बैठे। राहुल ढाका ने 3 चौके-2 छक्के के साथ 18 गेंद पर 30 रन बनाए। शुभम मावी की अगली ही गेंद पर लक्की सैनी बिना कोई रन बनाए उवैश खान के हाथों कैच आउट हो गए। कप्तान संदीप तोमर ने 3 चौके और एक छक्के के साथ 18 गेंद पर महत्वपूर्ण 25 रन बनाकर मेरठ कैंट कमांडोज का स्कोर निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 159 रन पहुंचा दिया। 
साकेत रॉयल चैंप्स के गेंदबाज शुभम मावी ने अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए चार महत्वपूर्ण विकेट लिए। कार्तिकेय और यश पंवार ने एक-एक विकेट लिया।

160 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी साकेत रॉयल चैंप्स को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा जब सलामी बल्लेबाज उवैश खान अंकुर शर्मा की रफ्तार के सामने चूके और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए विकेटकीपर हितेश कुमार के सुरक्षित दस्तानों में समा गयी। शानदार गेंदबाजी कर रहे अंकुर शर्मा ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर हरदीप सिंह (शून्य) को अक्षु बाजवा के हाथों कैच आउट करा कर मेरठ कैंट कमांडोज् के लिए जीत की बुनियाद डाल दी। पहले ही ओवर में 9 रन पर दो विकेट गंवा कर साकेत रॉयल चैंप्स के सामने खतरा मंडराने लगा था। बादल चौधरी और प्रियांशु चौधरी के सामने लक्ष्य को हासिल करने की जिम्मेदारी थी। लेकिन अंकुर शर्मा की तेज और सटीक गेंदबाजी को समझने में प्रियांशु शर्मा चूक गए और एक शानदार गेंद ने उनकी विकेट उखाड़ दी। तीसरे ओवर में 17 रन पर तीन विकेट गंवा कर साकेत रॉयल चैंप्स मुश्किल में थी और उसके बल्लेबाज दबाव में। 

लेकिन 5वां ओवर फेंक रहे अंकुर शर्मा के ओवर में दो छक्के और दो चौके मारकर बादल चौधरी ने बता दिया की वह इतनी जल्दी हार मानने वाले नहीं है। लेकिन दूसरे छोर पर खड़े इंपैक्ट बल्लेबाज यश कुमार पहली 5 गेंद पर कोई भी रन बनाने में नाकाम थे। इसी दबाव में आकर यश कुमार ने अक्षु बाजवा की ललचाती गेंद को उठा कर मारने का प्रयास किया। लेकिन गेंद हवा में खड़ी हो गयी और अक्षु बाजवा ने खुद ही कैच पकड़ कर उनकी पारी का अंत कर दिया। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर अक्षु बाजवा ने बादल चौधरी को एलबीडब्लू आउट कर जीत की राह सुनिश्चित कर दी। बादल चौधरी ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए 3 चौके-2 छक्के के साथ 20 गेंद पर 32 रन बनाए। अंकुर शर्मा के शुरूआती तीन विकेट के बाद अक्षु बाजवा ने दो विकेट लेकर साकेत रॉयल चैंप्स को मुश्किल में डाल दिया था। ।

10वें ओवर में अंकुर चौहान की गेंद पर 3 चौके और 3 सिंगल रन लेकर तुषार त्यागी और समीर चौधरी ने मुकाबले में वापस आने का प्रयास किया। 10 ओवर मे साकेत रॉयल चैंप्स 78 रन बना चुकी थी मगर उसके पांच बल्लेबाज भी पवेलियन लौट चुके थे। अब जीत के लिए साकेत रॉयल चैंप्स को 60 गेंद पर 82 रन चाहिए थे और मेरठ कैंट कमांडोज् को पांच विकेट। तुषार त्यागी और समीर चौघरी के बीच हुई महत्वपूर्ण साझेदारी ने मैच को रोमांचक स्थिति में ला दिया। लेकिन पृथ्वीराज सिंह चौहान की एक शानदार गेंद ने समीर चौधरी की साहासिक कप्तानी पारी का अंत कर दिया जब वह विकेटकीपर हितेश को कैच दे बैठे। समीर चौधरी ने एक चौके-2 छक्के के साथ 27 गेंद पर 32 रन बनाए। 
साकेत रॉयल चैंप्स को जल्द ही एक और झटका लगा जब प्रिंस यादव की एक शानदार थ्रो ने रन लेने का प्रयास कर रहे तुषार त्यागी के छोर की विकेट उखाड़ दी। थर्ड अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद तुषार त्यागी को आउट करार दिया। 

तुषार त्यागी ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए चार चौकों के साथ 30 गेंद पर 31 रन बनाए। मनी जिंदल चार रन बनाकर प्रिंस यादव का शिकार बने जब संदीप तोमर ने उनका कैच लपक लिया। साकेत रॉयल चैंप्स पर हार के बादल मंडरा रहे थे। शिवेन मल्होत्रा और यश पंवार क्रीज पर थे और जीत के लिए 18 गेंद पर 47 रन का मुश्किल लक्ष्य सामने था। 19वां ओवर फेंक रहे प्रिंस यादव के ओवर में यश पंवार ने दो चौके मारे मगर वह जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था। 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर लक्की सैनी ने शिवेन मल्होत्रा (12 रन) को यशु प्रधान के हाथों कैच आउट करा दिया। 
साकेत रॉयल चैंप्स निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 145 रन ही बना पाई। मेरठ कैंट कमांडोज् ने 14 रन से जीत हासिल कर प्वाईंट टेबल में दूसरे नंबर पर आकर क्वालिफायर मैच खेलना सुनिश्चित कर लिया। वहीं क्रिक गिरी चैंप्स टॉप 4 से बाहर होकर क्वालिफायर मैच खेलने से वंचित रह गयी। मेरठ कैंट कमांडोज् के गेंदबाज अंकुर शर्मा ने तीन, अक्षु बाजवा ने दो, प्रिंस यादव, पृथ्वीराज सिंह चौहान और लक्की सैनी ने एक-एक विकेट लिया। 

*इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड*
मैन ऑफ द मैच - अंकुर शर्मा, मेरठ कैंट कमांडोज्
फाइटर ऑफ द मैच - शुभम मावी, साकेत रॉयल चैंप्स
मोस्ट इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - शिवेन मल्होत्रा, साकेत रॉयल चैंप्स
बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच - यशु प्रधान, मेरठ कैंट कमांडोज्
बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - उवैश खान, साकेत रॉयल चैंप्स
मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- यशु प्रधान, मेरठ कैंट कमांडोज्

सोमवार को पहला मैच दोपहर दो बजे से पहला क्वालिफायर मैच खेला जाएगा। शाम 6 बजे से लीग का एनिमिनेटर मैच खेला जाएगा। मैच का लाइव प्रसारण आईआईएमटी मेरठ के यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है। 

No comments:

Post a Comment