Friday, December 19, 2025

महिलाओं में मानसिक स्वास्थ्य एक बहुत बड़ी चुनौती




नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। महाविद्यालय की शारीरिक शिक्षा विभाग में अतिथि व्याख्यान के लिए विषय विशेषज्ञ प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह मेरठ कॉलेज मेरठ से एवं प्रोफेसर नवीश कुमार डी ए वी कॉलेज बुलंदशहर से उपस्थित रहे। प्रोफेसर नवीश कुमार ने अपने व्याख्यान में छात्राओं को जीवन में स्वस्थ रहने के महत्व के बारे में बहुत सी बारीकियां के विषय में अवगत करवाया, साथ ही उन्होंने छात्राओं से कहा कि एक लंबा और सुंदर जीवन जीने के लिए व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके मानसिक स्वास्थ्य का भी बहुत महत्वपूर्ण योगदान होता है खासकर महिलाओं में मानसिक स्वास्थ्य एक बहुत बड़ी चुनौती है। व्यायाम योग और खेल एक ऐसा माध्यम है जो हमें मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहने में कतिपय अहम भूमिका निभाता है। इन्होंने अपने व्याख्यान में बहुत से मानसिक व्यायाम करने के लिए भी छात्राओं से आग्रह किया। 


प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जी ने इस बात पर जोर दिया कि शारीरिक शिक्षा विषय केवल एक विषय नहीं बल्कि हमारे जीवन शैली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी बात की जिसके लिए उन्होंने खेलों को एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए भारत की महिला क्रिकेट टीम के बारे में भी बताया कि किस प्रकार महिलाएं अपने आप को सशक्त बना सकती हैं वे किसी से भी कम नहीं है एवं कोई भी परिस्थिति उनके लिए चुनौती खड़ी नहीं कर सकती। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य ने भी छात्राओं को आशीर्वचन दिए और कहा कि शारीरिक शिक्षा खेल एक ऐसा माध्यम है जो न केवल हमें विकासशील से विकास की ओर ले जा सकती हैं बल्कि साथ ही हमारे लिए एक अच्छा और सुंदर पर्यावरण भी बन सकती हैं। उन्होंने छात्रों से पर्यावरण और स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए छोटे-छोटे आदतों को अपने जीवन में लाने के लिए ज़ोर दिया। व्याख्यान का आयोजन शारीरिक शिक्षा विभाग से डॉ भारती शर्मा एवं डॉ नितिन चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की तृतीय सेमेस्टर एवं पंचम सेमेस्टर की समस्त छात्राएं उपस्थित रही।

No comments:

Post a Comment