Saturday, November 22, 2025

पार्षद संजय के समर्थन में उतरा सैनी वेलफेयर ट्रस्ट

 


-अशोभनीय आचरण और अभद्र भाषा की कड़ी निंदा की

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सैनी वेलफेयर ट्रस्ट के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को नगर निगम के वार्ड-50 के पार्षद संजय सैनी से मुलाकात की। ट्रस्ट ने हाल ही में हुए नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा के कुछ पदाधिकारियों और नेताओं द्वारा पार्षद संजय सैनी के प्रति किए गए अशोभनीय आचरण और अभद्र भाषा की कड़ी निंदा की।


प्रतिनिधिमंडल ने संजय सैनी पर अनुचित राजनीतिक दबाव डालने और लोकतांत्रिक मानदंडों का उल्लंघन करने वाली हरकतों को भी अस्वीकार्य बताया। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में दादागिरी, शक्ति-प्रदर्शन और राजनीतिक धौंस का कोई स्थान नहीं है। ट्रस्ट ने कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि को अपमानित करने का प्रयास न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है, बल्कि सामाजिक गरिमा पर भी आघात है। स्पष्ट बहुमत से जीतने के बाद भी चुनाव को रद्द करवाने का प्रयास लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि संजय सैनी की छवि ईमानदारी, संघर्ष और साफ-सुथरे जनसेवा मॉडल का प्रतीक है। सैनी समाज उन पर किसी भी प्रकार का दबाव, दमन या दुर्भावनापूर्ण राजनीति कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।


पूर्ण समर्थन का दिया आश्वासन

प्रतिनिधिमंडल ने पार्षद संजय सैनी को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। ट्रस्ट ने कहा कि वह लोकतांत्रिक मर्यादा, न्याय और सच्चाई की रक्षा के लिए हर मंच पर तत्पर है। यदि आवश्यक हुआ, तो समाज शांतिपूर्ण जनआंदोलन से लेकर कानूनी कार्रवाई तक सभी विकल्पों का प्रयोग करेगा।

No comments:

Post a Comment