Saturday, October 25, 2025

बापू ने हिंदू धर्म में दो-दो तारीखों पर त्योहार मनाए जाने पर कसा तंज

 


-कैंट क्षेत्र के भैंसाली मैदान में शुरू हुई चिन्मयानंद बापू की भागवत कथा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चिन्मयानंद बापू की भागवत कथा के शुभारंभ से पहले उन्होंने शनिवार को एक प्रेस वार्ता की। इस दौरान बापू ने कई मुद्दों पर अपनी राय रखी, जिसमें भाजपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर तीखी टिप्पणी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को इस्लाम अपनाने की सलाह शामिल रही।


बापू ने हिंदू धर्म में दो-दो तारीखों पर त्योहार मनाए जाने पर तंज कसा और कहा कि यह केवल भ्रम फैलाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने संतों के बीच विवादित टिप्पणियों से दूरी बनाए रखने की बात कही और रामभद्राचार्य एवं प्रेमानंद महाराज को बड़े संत बताते हुए उनके प्रति सम्मान जताया। चिन्मयानंद बापू ने प्रेमानंद महाराज को सभी विषयों और शास्त्रों का ज्ञाता बताया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं दो बार मथुरा-वृंदावन जाकर उन्हें प्रणाम करने गए थे। हालांकि, बापू ने इस बात पर अनभिज्ञता जताई कि जगद्गुरु ने किस आधार पर प्रेमानंद महाराज को संस्कृत न आने की बात कही। स्वामी प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए बापू ने उन्हें 'असुर' और 'मानव नहीं' बताया। उन्होंने मौर्य को 'महास्वार्थी' करार देते हुए कहा कि सत्ता प्राप्ति के लिए वह किसी भी हद तक जा सकते हैं। बापू ने दावा किया कि देश की जनता ऐसे लोगों को पहचान चुकी है और एक दिन उन्हें जूते मारकर भगाएगी। आध्यात्मिक उन्नति के महत्व पर जोर देते हुए बापू ने कहा कि यही सफलता की कुंजी है। उन्होंने लोगों को समय निकालकर भगवान की शरण में जाने की सलाह दी।


31 अक्टूबर तक होगा आयोजन

भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व औघड़नाथ मंदिर से भैंसाली मैदान तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में हजारों महिलाओं ने भाग लिया। भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी और कैंट विधायक अमित अग्रवाल सहित कई प्रमुख व्यक्ति भी उपस्थित रहे। भागवत कथा का आयोजन शनिवार से 31 अक्टूबर तक भैंसाली मैदान में किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाना, सामाजिक एकता और सौहार्द कायम करना और धार्मिक मूल्यों को स्थापित करना है।

No comments:

Post a Comment